रामपुर में अब हर साल दिसंबर माह में हुनर हाट का आयोजन होगा। हुनर हाट में देश भर के दस्तकार भाग लेंगे। इसका फायदा रामपुर और उसके आसपास के जनपदों के दस्तकारों-शिल्पकारों को होगा। इस साल रामपुर में 18 से 27 दिसंबर तक हुनर हाट का आयोजन किया जा रहा है।
हुनर हाट में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके समापन के मौके पर आत्मनिर्भर भारत मुशायरा-कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि हुनर हाट में हर समाज के दस्तकार और शिल्पकार भाग लेंगे।
रामपुर में आयोजित हुनर हाट में लगभग 150-200 स्टाल लगाए जाएंगे। यहां कश्मीर से लेकर केरल के दस्तकार और शिल्पकार आएंगे। उन्होंने बताया कि हुनर हाट के स्टाल ई प्लेटफार्म पर होंगे। दुनिया के किसी देश के खरीददार दस्तकारों और शिल्पकारों से संपर्क कर उनको ऑर्डर दे सकेंगे।
नकवी ने बताया कि रामपुर में आयोजित हुनर हाट में खादी ग्रामोद्योग के नौ स्टाल होंगे। केरल और लद्दाख के हर्बल प्रोडक्ट्स के स्टाल भी सजाए जाएंगे। मेले का खास आकर्षण का केंद्र चांदनी चौक (दिल्ली) के चाट के स्टाल होंगे। चांदनी चौक के चाट के स्टाल पर वहां के पारंपरिक चाट का स्वाद रामपुर के लोग चख सकेंगे।
नकवी ने बताया कि अब इस आयोजन में पहले से ज्यादा दस्तकारों और शिल्पकारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पिछले पांच वर्षों में पांच लाख से ज्यादा भारतीय दस्तकारों, शिल्पकारों को रोजगार के अवसर प्रदान करने वाले "हुनर हाट" के दुर्लभ हस्तनिर्मित स्वदेशी सामान लोगों में काफी लोकप्रिय हुए हैं।
देश के दूर-दराज के क्षेत्रों के दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों, हुनर के उस्तादों को मौका और बाजार देने वाला हुनर हाट स्वदेशी हस्तनिर्मित उत्पादनों का "प्रामाणिक ब्रांड" बन गया है। उन्होंने बताया कि रामपुर में अब हर साल दिसंबर माह में हुनर हाट का आयोजन होगा।
नैनीताल हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य जल्द पूरा होगाः नकवी
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि नैनीताल हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। नकवी ने बताया कि उन्होंने इसको लेकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बात की है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल हाईवे का चौड़ीकरण का कार्य पूरा कराना उनकी प्राथमिकता है। क्योंकि चौड़ीकरण के कार्य का शुभारंभ उनके प्रयासों से 2016 में शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि हुनर हाट के उद्घाटन के मौके पर नितिन गडकरी 18 दिसंबर को रामपुर आएंगे तो उनसे इस मुद्दे पर विस्तार से बात की जाएगी।