मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में देर रात घर के आंगन में चारपाई पर सो रही एक युवती के साथ पहले छेड़खानी की, विरोध करने पर आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पीड़िता की चीख-पुकार पर परिजन जागे तो हमलावर युवक मौके से फरार हो गया। पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शुक्रवार देर रात 3:00 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता का कहना है कि वह खाना खाने के बाद आंगन में ही चारपाई पर सो रही थी। उसके एक साइड में दूसरी चारपाई पर मां और दूसरी साइड में तीसरी चारपाई पर छोटा भाई सो रहा था। रात करीब 3:00 बजे किसी ने उसे आवाज दी और जगाने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि उसने सोचा शायद भाई ने उसे जगाया है।
पीड़िता ने भाई की चारपाई की तरफ देखा तो वह सोया हुआ था। इसके बाद युवती दोबारा सोने लगी। अचानक उसकी नजर अपनी चारपाई की दूसरी साइड में पहुंची तो वहां एक युवक बैठा हुआ था। उसने सिर पर कैप और हाथों में दस्ताने पहन रखे थे। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की।
पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। पेट और पीठ में चाकू लगने से वह घायल हो गई। पीड़िता की चीख पुकार पर मां भाई पिता और परिवार के अन्य लोग जाग गए, इसी बीच आरोपी मौके से भाग गया। परिजनों ने आरोपी की तलाश में काफी दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन वह भागने में कामयाब हो गया।
घटना के बाद गांव में भी लोग जग गया और पीड़िता के घर आ गए। इसके बाद पीड़िता को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती करा दी। सीओ ठाकुरद्वारा डॉक्टर अनूप कुमार सिंह का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई तैयारी नहीं मिली है तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को भी पीड़िता के बयान दर्ज करने के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी हो सकेगी।