मुरादाबाद। एसएसपी ऑफिस के बाहर एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती ने उल्टियां की तो ऑफिस में तैनात पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
कटघर के करूला निवासी युवती सोमवार दोपहर एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र लेकर पहुंची थी। यहां पहुंचते ही उसने उल्टियां शुरू कर दीं। पुलिस कर्मियों ने उससे पूछताछ की तो उसने जहर खाने की बात कही। जिससे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मी युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती करा दी।
एसएसपी ऑफिस में तैनात महिला इंस्पेक्टर शर्मिला और सीओ क्राइम महेश चंद्र गौतम भी जिला अस्पताल पहुंचे और युवती का हालचाल जाना। सीओ महेश चंद्र ने बताया कि युवती के पास से एक प्रार्थना पत्र मिला है। जिसकी जांच की जा रही है।