बिलारी के इब्राहीमपुर गांव के जंगल में विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : BILARI
कोतवाली के मोहम्मद इब्राहीमपुर गांव के जंगल में शुक्रवार दोपहर करंट प्रवाहित बिजली की लाइन का तार टूटकर गिरने से किसान की चार बीघा गेहूं की फसल जल गई। विद्युत विभाग की लापरवाही से नाराज किसानों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
हाईवे के किनारे टोल प्लाजा के निकट इब्राहीमपुर गांव निवासी आसिम हुसैन का गेहूं का खेत है। उनके खेत में होकर विद्युत लाइन जा रही है। सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र किसान आसिम हुसैन के खेत से मात्र 300 मीटर दूर है। किसान के खेत में बिजली का खंभा खड़ा है, उससे आगे विद्युत लाइन जा रही है, उस पर तीनों सिंगल तार पड़े हुए हैं।
शुक्रवार दोपहर बिजली के खंभे से लाइव का तार टूटकर निकली चिंगारी से गेहूं की फसल पर गिर गया और आग लग गई।
आग की लपटें ऊंची उठती देख किसान में अफरा तफरी मच गई। घटनास्थल पर किसान और उसके परिजनों ने जब तक आग बुझाई, तब तक किसान की चार बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी। साथ ही खेत में खड़े पापुलर के बीस पेड़ भी आग की लपटों से झुलस गए। किसान आसिम ने बताया कि 30 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान के समर्थन में बड़ी संख्या में इब्राहीमपुर के ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। यहां विद्युत विभाग की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन कर अधिशासी अभियंता विद्युत और उपखंड अधिकारी विद्युत को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में क्षेत्रीय लाइनमैन और जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा जली फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में हाजी अकरम, बाबू हुसैन, अशरफ हुसैन, साबिर हुसैन, मोहम्मद उवैस, अनीस अहमद, यामीन, मसरूर आदि मुख्य रहे।