जिला अस्पताल में टीका लगवाती युवती। संवाद
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण पर वार के लिए दूसरी डोज वालों में उत्साह देखने को मिला। पहली बार दूसरी डोज का आंकड़ा साढ़े छह हजार के पार पहुंचा। दूसरा टीका लगवाने में अपना मुरादाबाद प्रदेश में चौथे स्थान पर रहा। जिले में शनिवार को 6849 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई।
शासन ने दूसरी डोज को बढ़ावा देने के लिए अब सप्ताह में हर शनिवार को सिर्फ दूसरी डोज वालों को टीका लगाने का फैसला किया है। इसके मद्देनजर जिले में शनिवार को केंद्रों पर टीकाकरण के 98 सत्र लगाए गए। इनमें शहरी क्षेत्र में 48 और ग्रामीण इलाकों में 50 सत्र शामिल रहे। जहां दूसरी डोज लगवाने वाले उत्साहित दिखे। केंद्रों पर सुबह 9 से 11 बजे तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने वालों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। इसके बाद बिना बुकिंग वालों को दूसरा टीका लगाया गया। जिले में शनिवार को सबसे अधिक 6849 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। इससे पहले आम दिनों में दो से ढाई हजार लोगों को दूसरी डोज लगती रही है। प्रदेश में दूसरी डोज लगाने वालों में मुरादाबाद चौथे नंबर रहा, जबकि आगरा पहले, प्रयागराज दूसरे और लखनऊ तीसरे नंबर रहा।
- शनिवार को जिले में दूसरी डोज लगाने का रिकॉर्ड बना। पहली बार एक दिन में 6849 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। दूसरी डोज लगाने में प्रदेश में मुरादाबाद चौथे स्थान रहा। - डा. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
दूसरी डोज लगवाने में शहरी रहे आगे
मुरादाबाद। शनिवार को दूसरी डोज लगवाने में शहर के लोग आगे रहे। जिले में कुल 6849 लोगों दूसरा टीका लगाया गया। इसमें शहरी क्षेत्र के केंद्रों पर दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या 3980 रही, जबकि ग्रामीण इलाकों में 2869 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई।