कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुईं दो अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रामपुर जनपद के थाना शाहबाद अंतर्गत रठौड़ी गांव निवासी सतीश अपनी पत्नी सोनी को बाइक पर बैठाकर मुरादाबाद से बिलारी होते हुए शाहबाद की ओर लौट रहे थे। बिलारी शाहबाद रोड पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती गंभीर घायल हो गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी लाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरी सड़क दुर्घटना में संभल जनपद के थाना कुढ़फतेहगढ़ अंतर्गत फिरोजपुर बौंडा गांव निवासी भूरे सिंह अपने परिवार की विमलेश और किरन को बाइक पर बैठाकर सहसपुर होते हुए बिलारी आ रहा था। रास्ते में सहसपुर गांव में हाईवे पर बाइक ने भूरे सिंह की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।