मुरादाबाद। काली के विवादित पोस्टर को लेकर फिल्मकार लीना मणिमेकलाई समेत तीन लोगों के खिलाफ अधिवक्ता त्रिलोक चंद दिवाकर ने केस दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
अधिवक्ता त्रिलोक चंद दिवाकर दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के संयुक्त सचिव हैं। उन्होंने बुधवार को एसएसपी कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर फिल्म काली का पोस्टर देखा। जिसे देखकर उन्हें लगा कि हिंदुओं की भावनाओं को अपमान करने की नीयत से ऐसे पोस्टर और फिल्म का निर्माण किया गया गया है। अधिवक्ता ने कहा कि फिल्मकार लीना मणि मेकलाई, फिल्म निर्माता आशा और एसोसिएट एवं एडिटर श्रवण ओनाचन द्वारा जारी किए गए पोस्टर से हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। अधिवक्ता ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग की है। एसएसपी कार्यालय से प्रार्थना पत्र को जांच के लिए सिविल लाइंस थाने में भेज दिया गया है।