टांडा। टांडा थाना क्षेत्र में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने देवर की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मृतक की भाभी सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
टांडा थाना क्षेत्र के सरकड़ी गांव के एक व्यक्ति ने कोर्ट में आवेदन देकर बताया था कि उसके भाई की शादी 15 साल पहले एक महिला के साथ हुई थी। जिसके बाद उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद महिला के गांव के ही एक युवक के साथ अवैध संबंध हो गए थे। आरोप है कि 13 नवंबर 2021 को महिला अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ देवर को घर से बुला कर ले गई। अगली सुबह जब परिजनों ने उसे तलाश किया तो वो नहीं मिला। एक सप्ताह बाद उसके भाई का शव ग्राम रवन्ना स्थित कोसी नदी में मिला था। मामले की जानकारी होने पर मृतक के परिजनों ने टांडा पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन टांडा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नही की थी, जिसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। अब टांडा पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सर्वेश, पिंटू और ओमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी पहलुओं पर जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।