ट्रेन द्वारा माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजाब में चल रहा किसानों का आंदोलन अड़चन बन गया है। रेलवे के विभिन्न जोन से जम्मू जाने वाली 22 से ज्यादा ट्रेनें रद्द हैं। जबकि 50 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हैं। 22 से 31 दिसंबर के बीच जम्मू जाने वाले सात हजार से अधिक यात्रियों ने अपने आरक्षण रद्द कराए हैं। वहीं, कई यात्रियों के टिकट ट्रेनें रद्द होने के कारण स्वत: ही निरस्त हो गए हैं।
अब भी हजारों यात्री यही आस लगाए बैठे हैं कि पंजाब में चल रहा किसानों का धरना-प्रदर्शन जल्द समाप्त हो सकता है। इसके बाद यात्री परिवार सहित माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंच कर माथा टेक सकेंगे। हालांकि वास्तविक स्थिति के अनुसार फिलहाल किसान संगठनों और पंजाब सरकार के बीच बात बनती नहीं दिख रही है। इससे रेलवे को भी अब तक तीन करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। साथ ही ढाई लाख लोगों की यात्रा प्रभावित हुई है।
मुरादाबाद मंडल के रामपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, देहरादून, हरिद्वार, नजीबाबाद, लक्सर, धामपुर, सहारनपुर समेत कई स्थानों से तकरीबन दो हजार यात्रियों ने टिकट रद्द कराए हैं। वहीं, दूसरे मंडलों में भी यही हाल है। पुराने रिकार्ड की बात करें तो कोरोना की दूसरी लहर के चरम समय में भी यात्रियों ने टिकट रद्द नहीं कराए थे।
अप्रैल, मई 2021 में सिर्फ मुरादाबाद से तीन हजार से अधिक यात्रियों ने वैष्णो देवी की यात्रा की थी। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि आंदोलन के कारण रोजाना सैकड़ों यात्रियों के समय का नुकसान हो रहा है। वहीं, रेलवे को भी राजस्व की हानि हो रही है। उन्होंने बताया कि ट्रेनों के रद्द किए जाने का संदेश यात्रियों के मोबाइल पर भेजकर उन्हें अपडेट किया जा रहा है।
माता वैष्णो देवी (कटड़ा) जाने वाली ये ट्रेनें हैं रद्द
12920 मालवा एक्सप्रेस
14611 गाजीपुर - श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा
12471 स्वराज एक्सप्रेस
13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस
14646 शालीमार एक्सप्रेस
12470 जम्मूतवी-कानपुर एक्सप्रेस
22439 नई दिल्ली- श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा
22440 श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली
14612 श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा-गाजीपुर
12238 जम्मूतवी-वाराणसी एक्सप्रेस
14033 दिल्ली - श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा
14034 श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा-दिल्ली
14609 ऋषिकेश- श्रीमाता वैष्णो देवी
14610 श्रीमाता वैष्णो देवी-ऋषिकेश
22461-62 श्री शक्ति एक्सप्रेस
12425 नई दिल्ली-जम्मूतवी राजधानी एक्स
12426 जम्मूतवी-नई दिल्ली राजधानी एक्स
12445 उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
16317 हिमसागर एक्सप्रेस
12265 दिल्ली सराय रोहिल्ला-जम्मूतवी एक्स
12266 जम्मूतवी-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्स
12469 कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस
14503 कालका-श्रीमाता वैष्णो देवी