मुरादाबाद के मूंढापांडे थानाक्षेत्र में बुधवार शाम खेत से चारा लेकर घर लौट रहे किसान की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के अक्का डिलारी निवासी किसान हरीश शर्मा(50) बुधवार दोपहर खेत से चारा लेने गए थे। शाम करीब पांच बजे वह चारा लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया। जिससे उनकी गर्दन कटकर लहुलुहान हो गई।
इसके बाद वह मौके पर ही गिर गए। वहां से गुजर रहे अन्य ग्रामीणों ने उन्हें पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल किसान को वहां से उठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती करा दिया। मूंढापांडे थाना प्रभारी संजय पांचाल ने बताया कि अभी उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।