कोतवाली क्षेत्र के जरगांव पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से गंभीर घायल किसान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक नवैनी उदैया गांव निवासी सतीश शर्मा (32) खेती करता था। सोमवार शाम वह एक ढाबे से खाना खाकर अपने घर जाने के लिए सड़क पास कर रहा था। इसी दौरान नरौली की ओर से आई तेज रफ्तार बाइक ने बिलारी और सरथल रोड पर सतीश शर्मा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। पहले घायल को उपचार के लिए सीएचसी बिलारी ले जाया गया। यहां से हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद के लिए रेफर कर दया।
अस्पताल में उपचार शुरू होते ही सतीश ने दम तोड़ दिया। उसके भाई अमरीश शर्मा ने बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। उधर अस्पताल से सूचना मिलते ही कोतवाली बिलारी पुलिस मौके पर पहुंची और उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। उसकी पत्नी पूनम और बेटा और बेटी रो रोकर बेहाल थे।