मुरादाबाद। सिविल लाइंस स्थित जिगर कॉलोनी में सड़क के बीचोबीच रखे एक ट्रांसफार्मर में धमाका हो गया। ट्रांसफार्मर से गर्म तेल निकलकर आसपास के घरों तक फैल गया और आग लग गई। गनीमत रही कि इससे किसी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची लेकिन घरों में रखे सामान का नुकसान हो गया। एक घर का इनवर्टर फुंक गया और आग, तेल व धुंए के कारण घरों के शीशे व दीवारें काली पड़ गईं।
घटना से इलाके में अफरा तफरी मच गई। आस पास रहने वाले लोगों ने पानी और रेत डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना दोपहर तकरीबन एक बजे की है। इस दौरान कोई बच्चा या बड़ा व्यक्ति गली में नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जिगर कॉलोनी के लोगों का कहना है कि सिर्फ यही ट्रांसफार्मर नहीं बल्कि अन्य कई ट्रांसफार्मर नियमविरुद्ध रखे हैं। जोकि लोगों के घरों के बिल्कुल सामने और गली के बीचोबीच हैं।
इन्हें हटवाने के लिए एसडीओ, एक्सईएन, एसई और यहां तक कि जनसुनवाई पोर्टल पर भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मरों को नहीं हटाया गया है। मौके पर मौजूद डॉ. एनए खान, रफीक, जलीस अख्तर आदि लोगों ने कहा कि उक्त ट्रांसफार्मर कई बार खराब हो चुका है। गली में घरों के सामने रखे ट्रांसफार्मरों से लगातार खतरा बना रहता है। बच्चे गली में खेलते रहते हैं, किसी भी समय कोई हादसा हुआ तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी राहुल गौतम का कहना है कि ट्रांसफार्मर पर ओवरलोडिंग नहीं थी। किसी तकनीकि खराबी के कारण ही धमाका हुआ, जिसकी जांच कराई जा रही है। फिलहाल दूसरे ट्रांसफार्मर से सप्लाई दी गई है। वहीं गली के बीचोबीच रखे ट्रांसफार्मर को हटाने के लिए प्रक्रिया चल रही है।