मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण काल में इस साल डेंगू का तेजी से फैलाव हुआ है। अब तक जिले में डेंगू के 746 मरीज मिल चुके हैं। इसमें डेंगू का हर दूसरा मरीज शहर का निकला है। यहां सर्वाधिक 526 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं, डिलारी ब्लाक दूसरे नंबर पर है। यहां 143 मरीज पाए गए हैं।
कोरोना संक्रमण काल में डेंगू का चौतरफा वार हो रहा है। शहर से लेकर गांव तक मरीज मिल रहे हैं। जिले में मुरादाबाद शहर और डिलारी ब्लाक का गांव गक्खरपुर सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। शहर में स्थिति विस्फोटक होती जा रही है। यहां रोजाना 30 से 35 मरीज मिल रहे हैं। हालांकि गक्खरपुर में स्थिति सामान्य हो गई है। यहां करीब पंद्रह दिनों से नया केस नहीं मिला है। जिले में शुक्रवार तक डेंगू के 746 मरीज सामने आ चुके हैं। इन मरीजों में एइलाजा टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें सबसे अधिक 526 मरीज शहर के मोहल्लों में पाए गए हैं। इस हिसाब से हर दूसरा मरीज शहर में मिला है। वहीं डिलारी ब्लाक में 143 मरीज पाए गए।
हर पांचवां मरीज गक्खरपुर गांव
मुरादाबाद। शहर के बाद सबसे अधिक डेंगू के मरीज डिलारी ब्लाक में मिले हैं। ब्लाक के 143 मरीजों में से 121 गांव के गक्खरपुर के हैं। जो जिले का हर पांचवां मरीज है।
मूंढापांडे ब्लाक डेंगू का सिर्फ एक केस मिला
मुरादाबाद। जिले में मूंढापांडे ब्लाक में डेंगू का प्रभाव न के बराबर है। यहां डेंगू का सिर्फ एक केस मिला है। मूंढापांडे के बाद सबसे कम ठाकुरद्वारा में छह केस मिले।
कहां कितने मरीज मिले
इलाका---------संख्या
मुरादाबाद शहर----526
डिलारी---------143
ठाकुरद्वारा--------06
ताजपुर----------27
मूंढापांडे---------01
कुंदरकी---------10
कांठ-----------08
भोजपुर---------07
बिलारी---------07
अन्य-----------07