फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनप्रतिनिधियों में दिखा उत्साह, 97 प्रतिशत किया मतदान

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद/अमरोहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुरादाबाद-बिजनौर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) के चुनाव को लेकर शनिवार को मतदान का कार्य संपन्न हो गया। सुबह से ही जनप्रतिनिधि मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम चार बजे तक चारों जिलों के सभी 35 मतदान केंद्रों पर ओवरऑल 97 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अमरोहा जिले में सर्वाधिक 99 फीसदी तथा बिजनौर में सबसे कम 96 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुरादाबाद में 98 तो संभल में 97 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। भाजपा और सपा प्रत्याशी के सीधे मुकाबले में शनिवार भाजपा खेमे में मतदान को लेकर अधिक उत्साह देखा गया।
विज्ञापन

मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। मतदान का कार्य सुबह आठ बजे से शुरू हुआ लेकिन वोट डालने के लिए मतदाता सुबह सात बजे से ही पोलिंग बूथों पर पहुंचने लगे थे। मतदान के लिए चारों जिलों मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा व संभल में बनाए गए सभी 35 बूथों पर सुबह आठ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। मुरादाबाद जिले में बनाए गए सभी नौ बूथों से निर्धारित दूरी पर भाजपा व सपा के पदाधिकारी अथवा समर्थकों ने मतदाताओं की सुविधा को पंडाल व बस्ता भी लगाया था। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने सभी पोलिंग बूथों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने का दावा किया है।
इस तरह बढ़ता रहा मत प्रतिशत
सुबह दस बजे तक चारों जिलों में ओवरऑल 25 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। इसमें मुरादाबाद में 32, बिजनौर में 25, अमरोहा में 20 और संभल में 22 फीसदी मतदाता वोट डाल चुके थे। दोपहर 12 बजे चारों जिलों में ओवरऑल 67 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। इसमें मुरादाबाद में 76, बिजनौर में 64, अमरोहा में 66 और संभल में 62 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। दोपहर दो बजे तक चारों जिलों में ओवरऑल 90 फीसदी मतदाता हुआ। इसमें मुरादाबाद में 94, बिजनौर में 87, अमरोहा में 92 तथा संभल में 89 फीसदी मतदाता वोट डाल चुके थे। शाम चार बजे तक चारों जिलों में 97 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। इसमें मुरादाबाद में 98, बिजनौर में 96, अमरोहा में 99 तथा संभल में 97 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।
विज्ञापन

मुरादाबाद में तीन फीसदी बढ़ा मतदान
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मुरादाबाद जिले में 98 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। उन्होंने बताया कि पिछले एमएलसी चुनाव में जिले में 95 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
अमरोहा: शुरुआत धीमी, अंत में बनाया रिकार्ड
मुरादाबाद। अमरोहा जिले के मतदाताओं ने शुरू में जरूर कुछ सुस्ती दिखाई, लेकिन बाद में सबसे अधिक मतदान का रिकार्ड बनाया। सुबह दस बजे तक अमरोहा जिले में 1495 मतदाताओं में से कुल 299 मतदाता ही वोट डाल सके थे। जहां मतदान प्रतिशत कुल 20 फीसदी रहा। लेकिन जैसे-जैसे मतदान समाप्ति का समय कम होता गया मतदाताओं का उत्साह बढ़ता गया। इसके चलते दोपहर 12 बजे तक वहां 66 फीसदी, दो बजे तक 92 फीसदी और चार बजे तक 1495 मतदाताओं में से 1484 मतदाता वोट डाल शेष तीनों जिलों को पीछे छोड़ते हुए 99 फीसदी मतदान का रिकार्ड बना चुके थे।
भाजपा और सपा के जिलाध्यक्ष अपने प्रत्याशी की जीत को लेकर आश्वस्त
मुरादाबाद। मुरादाबाद-बिजनौर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कुल दो प्रत्याशी भाजपा के सत्यपाल सिंह सैनी और सपा के अजय मलिक चुनाव मैदान हैं। दोनों के बीच ही सीधी टक्कर है। मतदान समाप्ति के बाद दोनों पार्टियों के जिलाध्यक्षों ने अपनी जीत का दावा किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान ने कहा कि एमएलसी चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है। पार्टी के कार्यों व नीति के कारण भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में करीब 90 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले हैं। वहीं सपा जिलाध्यक्ष डीपी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदाता जनप्रतिनिधियों ने जमकर मतदान किया है। इस लिहाज से सपा उम्मीदवार की जीत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें