मुरादाबाद। चीनी मांझे के कारण शहरवासियों को रोजाना अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली विभाग के लिए भी यह आफत बन गया है। रविवार को कटघर, तो सोमवार को गलशहीद, पक्काबाग इलाके में चीनी मांझे के कारण हाइटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया। इससे तकरीबन चार हजार घरों की बिजली गुल हो गई और 20 हजार लोग परेशान रहे। इस मामले में मंगलवार को बिजली विभाग अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर थाने में शिकायत दर्ज कराएगा।
रविवार को हाइटेंशन लाइन में फाल्ट के कारण चार घंटे बिजली गुल रही तो वहीं सोमवार को विद्युत कर्मियों ने एक घंटे के भीतर फाल्ट की मरम्मत कर दी। प्रशासन और पुलिस के लिए बेहद नाकामी की बात है कि चीनी मांझे की बिक्री पर रोक के हाइकोर्ट के आदेश के बाद भी शहर में यह धड़ल्ले से बिक रहा है। इसी कारण रोजाना बिजली के तारों में फाल्ट हो रहे हैं। बिजली विभाग से मिली रिपोर्ट के मुताबिक नागफनी, असालतपुरा, बंग्लागांव, गलशहीद, पक्काबाग और कटघर के कई इलाकों में लोग चीनी मांझे के साथ धातु का तार बांधकर पंतगबाजी करते हैं। जब यह तार विद्युत लाइनों पर गिरता है तो बिजली के तारों में फाल्ट हो जाता है और वह टूट जाते हैं।
इससे कई बार ट्रांसफ्रामर भी फुंक चुके हैं। आए दिन थानों में बिजली विभाग की ओर से पंतगबाजी करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जाती है।
पिछले दो महीनों में जनपद के विभिन्न थानों में 29 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इसके बावजूद चीनी मांझा गली मोहल्लों के बाजारों में बिक रहा है और लोग इसका प्रयोग कर रहे हैं।
विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता गिरजेश प्रताप सिंह का कहना है कि समाचार पत्रों के माध्यम से लोगों से अपील की गई लेकिन ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी दो स्थानों पर अज्ञात पतंगबाजों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।