हाईवे पर स्थित एक होटल के पास रोड किनारे खड़े कंटेनर से डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिसमेें सवार 90 यात्री घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से 12 को गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। इसी कंटेनर से ही बस से पहले एक कार भी टकरा गई थी, जिसको लोगों ने निकलवाकर कार सवारों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य को रवाना कर दिया। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटवाया। जबकि कंटेनर को पहिये जाम होने के कारण क्रेन द्वारा शाम तक हटाया जा सका।
पुलिस के मुताबिक बुधवार की सुबह पांच बजे हाईवे पर एक होटल के निकट खड़े कंटेनर से एक डबल डेकर बस टकरा गई। बस में सवार गोंडा और बहराइच के रहने वाले 90 यात्री घायल हो गए। कुछ को मामूली चोटें लगी हैं। पुलिस ने पहुंचकर एंबुलेंस से घायल 50 यात्रियों को सीएचसी में भर्ती कराया। 12 यात्रियों को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। क्रेन मंगाकर बस को हाईवे से हटवा दिया गया। मगर कंटेनर को पहिये जाम होने से क्रेन द्वारा शाम तक हटाया जा सका। कंटेनर में जीपीएस भी लगा हुआ बताया गया। बस से पहले कंटेनर में एक कार भी पीछे से घुस गई थी। जिसे लोगों ने पहले ही बाहर निकाल लिया था। उसमें सवार लोग भी घायल हुए थे। जिनको स्थानीय अस्पताल में उपचार के बाद रवाना कर दिया गया था। कंटेनर के चालक का पता नहीं चल सका है। बस सवार घायल यूपी के गोंडा और बहराइच जनपद के हैं, जो हरियाणा के अंबाला जाने के लिए गोंडा के चोटीपुर कस्बे से बस में सवार हुए थे। ठेकेदार के अधीन सभी मजदूर पल्लेदारी करने 60 हजार रुपये में डबल डेकर बस को किराये पर लेकर जा रहे थे। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि हादसे में घायलों को सीएचसी में भर्ती करा दिया गया था। कोई बहुत अधिक गंभीर नहीं था। हादसे के संबंध में अभी किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
गजरौला। पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त डबल डेकर बस में 10 सीटें और 20 स्लीपर हैं। एक स्लीपर पर दो लोगों के बैठने की अनुमति है। इस तरह पचास सवारियों के लिए यह बस पास है, जिसमें अवैध रूप से करीब 100 सवारियां भरी हुई थीं।
हाईवे पर खड़े कंटेनर में बस घुस जाने से चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को बाहर निकाला। बस सवार विनोद कुमार, राजू, परमराम, श्याम लाल, सलीम पुत्र फारूख, भानु, संतोष, कलीम, सूरज, टिंकू, माधव, संतोष कुमार, विक्रम, राजू, रमकेवल, पंकज, शकील, राम भूल, वीरेंद्र कुमार, दिनेश पुत्र सुभाष, सलीम पुत्र छन्नी, पप्पू, कमल, राम कुमार, दिनेश पुत्र लालमन यादव, संजय कुमार घायल आदि हो गए। सभी यात्री गोंडा और बहराइच के रहने वाले बताए गए हैं।