मुरादाबाद। डेंगू से जूझ रहे स्वास्थ्य विभाग के लिए मंगलवार राहत भरा रहा। करीब 39 दिन बाद जिले में डेंगू के सबसे कम पांच केस मिले। इससे पहले 25 सितंबर को एक दिन में डेंगू के सबसे कम दो मरीज मिले थे। वहीं जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 833 हो गई है।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार सुस्त पड़ने पर डेंगू का प्रकोप बढ़ गया। जिले में औसतन रोजाना 20 से 30 मरीज मिल रहे हैं। शहर के कई मोहल्ले डेंगू से प्रभावित हैं। कुछ ग्रामीण इलाकों में भी डेंगू फैला हुआ है। डेंगू के बढ़ते मरीजों के बीच 39 दिन बाद जिले में सबसे कम मरीज मिले। मंगलवार को लैब से आई रिपोर्ट में पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें 38 वर्षीय महिला और 70 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। ये मरीज पाकबड़ा, जारगांव बिलारी, डिप्टीगंज, पीरजादा में पाए गए। इससे पहले 25 सितंबर को डेंगू के दो मरीज मिले थे। जो पिछले 39 दिनों में सबसे कम केस थे। दूसरी ओर डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 833 पर पहुंच गया है।