मुरादाबाद। एक महिला अधिवक्ता से फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने रकम न देने पर अधिवक्ता को अपहरण कर हत्या करने की धमकी दी है। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली के कंजरी सराय निवासी मंजू विहार अधिवक्ता हैं। जिला बार के सामने उनका चेंबर है। मंजू विहार के मुताबिक शुक्रवार दोपहर वह अपने चेंबर में बैठी थीं। दोपहर करीब 2:12 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उनसे पांच लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर उनका चेंबर से अपहरण कर हत्या करने की धमकी दी। आरोप है कि धमकी देने वाले ने दो घंटे में 17 बार कॉल की। जिससे परेशान होकर पीड़ित ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। इसके अलावा सिविल लाइंस थाने में भी तहरीर दी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला अधिवक्ता ने तहरीर दी है। उन्होंने फोन पर पांच लाख रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से कॉल करने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।