मुरादाबाद। हरथला रेलवे फाटक के पास मृत मिले युवक के परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। युवक के भाई ने उसकी ददिया सास समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है।
कुंदरकी थानाक्षेत्र के सीलपुर निवासी छत्रपाल ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। जिसमें उसने बताया कि उसके 22 वर्षीय छोटे भाई जितेंद्र कुमार की शादी दो साल पहले मैनाठेर के मवेशी रसूलपुर निवासी मनीषा पुत्री मनोज कुमार के साथ हुई थी। जितेंद्र की एक पांच माह की बेटी है। छत्रपाल ने बताया कि मनीषा की दादी गुड्डो कांशीराम नगर थाना सिविल लाइंस में रहती है। बताया जा रहा है कि 22 मार्च 2022 से जितेंद्र पत्नी मनीष और बेटी को साथ लेकर पीएसी हरथला में किराये के मकान पर रहने लगा था। 11 जून की रात वह अचानक गायब हो गया था। 12 मई की रात करीब दस बजे मनीषा ने जितेंद्र के परिजनों को फोन किया कि जितेंद्र गायब है। अगले दिन मनीषा की दादी ने छत्रपाल को फोन किया कि जितेंद्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसकी लाश पोस्टमार्टम हाउस पर है। परिजन 13 जून को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो पता चला कि उसकी लाश का पोस्टमार्टम तो 12 जून को हो चुका है। 11 जून को उसकी लाश हरथला रेलवे फाटक के पास मिली थी। छत्रपाल ने आरोप लगाया है उसके भाई की हत्या की गई। इसके बाद ही उसकी लाश रेलवे ट्रैक पर फेंकी गई थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने एक तहरीर दी है। मामले की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक्सीडेंटल चोटें बताई गईं हैं।