मुरादाबाद। सिविल लाइंस के रामगंगा विहार में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मंगलवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस का दावा है कि फुटेज में युवक एक मकान पर चढ़ता नजर आ रहा है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब छह बजे रामगंगा विहार में ग्लेक्सी अस्पताल के पीछे कल्पना चावला पार्क के पास लोगों ने एक युवक को औंधे मुंह पड़ा देखा। उन्होंने सूचना देकर पुलिस मौके पर बुला ली। युवक के सिर में चोट लगी थी और खून बह रहा था। पुलिस ने तलाशी ली तो मृतक की जेब से एक आधार कार्ड मिला। जिसके जरिये मृतक की पहचान 23 वर्षीय गौरव के रूप में हुई। गौरव सिविल लाइंस क्षेत्र के हरथला सब्जी मंडी निवासी था। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और उन्होंने बताया कि गौरव के परिवार में मां बबली, भाई रिंकू, बंटी, सौरभ हैं, जबकि दो बहन निशा और शिवानी हैं। भाई रिंकू ने पुलिस को बताया कि गौरव रविवार सुबह करीब छह बजे हॉस्टल में खाना बनाने को कहकर घर से निकला था। इसके बाद वापस नहीं आया।
थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गौरव की मौत सिर की हड्डी टूटने की वजह से होने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। जिसमें युवक एक मकान पर चढ़ता दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि युवक मकान से चढ़ते समय नीचे गिरा और उसके सिर में चोट लगी है। हर पहलू की गहनता से जांच कराई जा रही है।