बेखौफ बदमाशों ने सोमवार को सरेशाम नेशनल हाईवे पर रामपुर के एक सर्राफ से 90 हजार रुपये और सोने चांदी के जेवर लूट लिए। घटना के वक्त सर्राफा व्यापारी दुकान बंद करके बाइक से रामपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने मूंढापांडे थाना क्षेत्र में स्यौहारा बाजे के पास सर्राफ को ओवरटेक करके रोका और गन प्वाइंट पर लूटपाट करके फरार हो गए।
लूट की दुस्साहसिक वारदात से हाईवे पर दहशत पसर गई। रामपुर कोतवाली क्षेत्र में राजद्वारा रोड स्थित मोहल्ला चाह इच्छाराम निवासी संदीप कुमार रस्तोगी पुत्र हितेश कुमार रस्तोगी सर्राफा व्यापारी हैं। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित स्यौहारा बाजे में संदीप की ज्वैलरी की दुकान है। रोजाना की तरह सोमवार को शाम करीब पांच बजे वह दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे।
कैश और ज्वैलरी का बैग उनके कंधे पर पड़ा था। कुछ दूर चलते ही स्यौहारा बाजे पत्थर वाला मुंडा के पास काले रंग की पल्सर बाइक ने उन्हें ओवरटेक किया। बाइक पर तीन बदमाश सवार थे और तीनों ने हेलमेट लगाया था। ओवरटेक करते ही बदमाशों ने संदीप को तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और बाइक रुकवा ली। सरपट दौड़ते हाईवे के बीच बदमाशों ने बाइक रुकते ही संदीप की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और उनसे बैग लूट लिया।
विरोध पर गोली मारने की धमकी दी। मिनटों में वारदात कर लुटेरे भाग निकले। संदीप ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। हाईवे पर हुई वारदात से पुलिस में भी हड़कंप मच गया। संदीप के मुताबिक बैग में करीब 90 हजार रुपये, पौन किलो से अधिक चांदी और करीब ढाई तोला सोना था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।