समेकित शिकायत निस्तारण प्रणाली को अधिक मजबूत बनाने के लिए एक जनवरी से प्रदेश में सीएम हेल्प लाइन 1076 शुरू होने जा रही है। अफसर फरियाद ठीक से न सुनें तो पब्लिक सीएम हेल्प लाइन पर शिकायत दर्ज करा सकती है। फोन पर ही शिकायत का समाधान होगा।
सीएम हेल्प लाइन के बारे में जानकारी देने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संजय अरोड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर जो भी शिकायत दर्ज हाेंगी उन्हें कॉल सेंटर से ही संबंधित अधिकारी या विभाग के पास भेज दिया जाएगा।
शिकायत कर्ता के मोबाइल पर यूनिक नंबर मैसेज के जरिए पहुंच जाएगा। शिकायत का निस्तारण होने पर भी शिकायतकर्ता को सीएम हेल्प लाइन की ओर से एसएमएस करके इसकी सूचना दी जाएगी। कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल से टोल फ्र्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
शिकायत का संतोषजनक निस्तारण नहीं होने पर शिकातकर्ता दोबारा से सीएम हेल्प लाइन पर कॉल कर सकता है। कार्यशाला में बताया गया कि समेकित शिकायत निस्तारण प्रणाली के संबंध में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी अपना फीडबैक देकर इसे और अधिक प्रभावी बना सकते हैं। कार्यशाला में तमाम पुलिस - प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।