शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए आटो और ई-रिक्शा को चार जोन में बांटकर चलवाए जाने की योजना हंगामे और विवाद के बाद भी हरी झंडी मिल गई गई है। हालांकि अभी तैयारियां आधी अधूरी है।
एसपी यातायात सतीश चंद्र ने बताया कि शनिवार से आटो, ई-रिक्शा चारों जोन के हिसाब से चलाने के लिए आटो चालकों को हिदायत दी गई है, उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अगर आटो चालक या ई-रिक्शा चालक दूसरे जोन में गए तो यातायात पुलिस मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 179 के तहत यातायात के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 100 रुपये का चालान तक करेगी।
तैयारियां अधूरी, पूरा करने में लगेगा एक सप्ताह
. करीब दो सौ आटो और ई-रिक्शा पर रंगाई का कार्य बाकी
. रेलवे स्टेशन को चारो जोन का केंद्र बनाने का काम अधूरा
. रेलवे ने अभी मौखिक सहमति दी, आदेश जारी नहीं किए
. शहर में बुकिंग आटो की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी होगी।
जोन व्यवस्था लागू करने के लिए ये हुआ बदलाव
- पहले जब जोन व्यवस्था की योजना तैयार की गई तब चारा जोन के आटो को रेलवे स्टेशन से आगे की अनुमति नहीं थी। इसके बाद हंगामा हुआ। यात्रियों को भी किराया दोगुना देना पड़ा तो वह भी आटो चालकों के पक्ष में आए। इसके बाद पुलिस ने इस समस्या को खत्म करने के लिए जोन एक और दो के आटो को डबल फाटक तक और जोन तीन और चार के आटो को फव्वारा तिराहे तक आने की अनुुमति दे दी है।
सुरक्षित होगा सफर
मुरादाबाद। एसपी यातायात ने बताया कि जोन व्यवस्था से परमिट सीएनजी ऑटो का संचालन उनके मालिक के पते के आधार पर जोन एवं रंग के अनुरूप होगा। चालक का नाम और नंबर आटो के अंदर लिखा होगा।
स्टेशन रोड पर ई-रिक्शा बंद
मुरादाबाद। फव्वारा चौक से रेलवे स्टेशन होते हुए मुख्य मार्ग पर हनुमान मूर्ति तिराहे तक ई रिक्शा के संचालन से अवमुक्त रखा गया है। ताकि इस मार्ग पर जाम की समस्या न बने और वायु प्रदूषण से मुक्ति मिले।
जानिए अपना जोन
जोन 01 (पीला रंग)
रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, फव्वारा चौक, पीलीकोठी चौराहा, पीएसी तिराहा, कांठ रोड, रामगंगा विहार, जिगर कालोनी, सिविल लाइंस, गुरहट्ठी चौराहा, जेल रोड, डिप्टी गंज तिराहा और बंगला गांव।
जोन 02 (हरा रंग)
रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, फव्वारा चौक, मानसरोवर कालोनी, बुद्धि विहार, लाइनपार क्षेत्र, मंडी समिति, कांशीराम नगर।
जोन 03(लाल रंग)
रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, बुधबाजार, दीवान का बाजार, कोतवाली, अमरोहा गेट, इंद्रा चौक, मंडी चौक, जामा मस्जिद , मुगलपुरा, ईदगाह और गोविंद नगर क्षेत्र
जोन 04 (नीला रंग)
रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, डबल फाटक, कटघर, प्रभात मार्केट, करूला पंडित नगला, कोहिनूर तिराहा, लाजपत नगर, पीतल बस्ती रोडवेज, हनुमान मूर्ति दस सराय, ट्रांसपोर्ट नगर