साइबर ठग ने एक अधिवक्ता के खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ने उपभोक्ता फोरम में शिकायत किए जाने का बहाना कर ठगी की थी। शुक्रवार को यह शिकायत अधिवक्ता एसपी देहात उदय शंकर से की है।
बुद्धि विहार निवासी अधिवक्ता एमआर सक्सेना ने बताया कि उनका खाता सिंडिकेट बैंक की कचहरी रोड स्थित शाखा में था। बैंक खाते में 61 हजार की धनराशि थी। आरोप है कि 12 दिसंबर को शाम के वक्त उनके पास एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने एमआर सक्सेना से कहा कि उपभोक्ता फोरम में उनके द्वारा की गई शिकायत का रजिस्ट्रेशन करवाना है, इसलिए मोबाइल पर एक नंबर आएगा जो बता दो। एमआर सक्सेना ने नंबर बताया तो ‘मोबाइल हैक’ कर उनके खाते से दो बार में 50 हजार रुपये दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर निकाल लिए गए। बैंक खाते से रुपये निकलने का संदेश मिलने के बाद उनको ठगी का पता चला तो बैंक अधिकारियों से शिकायत की गई। इसके बाद साइबर सेल से शिकायत की गई। शुक्रवार को शिकायत किए जाने पर एसपी देहात उदय शंकर सिंह ने मामले की जांच करवाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।