बिजनेसमैन की पत्नी से चेन लूटी, सीसीटीवी में कैद
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। सदर कोतवाली में टाउन हाल के पास स्कूटी पर बेटी के साथ खरीदारी करने आई महिला से पैदल ही आए एक बदमाश ने ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर सरेशाम चेन लूट ली। स्कूटी छोड़कर महिला की बेटी ने लुटेरे का पीछा भी किया लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आया। हालांकि उसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कोतवाली थाने में लूट की एफआईआर दर्ज की गई है। टाउन हॉल चौराहा वह चौराहा है, जिसको कोतवाली पुलिस ने जाम मुक्त और स्वच्छ रखने को गोद लिया हुआ है। बावजूद इसके कोतवाली के नजदीक हुई वारदात ने पुलिस सुरक्षा की पोल खोल दी है।
रामगंगा विहार निवासी गोपाल अग्रवाल बिजनेसमैन हैं। उनकी बेटी दीक्षा अग्रवाल और पत्नी निरंजन अग्रवाल मंगलवार देर शाम को शॉपिंग करने के लिए सदर कोतवाली एरिया आई थीं। दीक्षा अग्रवाल ने बताया कि जब वह कोतवाली पुलिस स्टेशन के सामने से होते हुए टाउन हाल के पास पहुंची तो वहां पर जाम लगा था। स्कूटी की रफ्तार थम गई, इस दौरान एक युवक सामने से आया और दीक्षा की मां निरंजन अग्रवाल के गले पर झपट्टा मारकर उनसे सोने की चेन (लॉकेट समेत) लूट ली और भागने लगा। महिला ने शोर मचाया तो दीक्षा ने बहादुरी दिखाते हुए करीब तीन सौ मीटर तक लुटेरे का पीछा किया, लेकिन वह पतली गली में होकर भाग निकला। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। एसएचओ कोतवाली हरीशचंद्र जोशी ने बताया कि लूट की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टाउन हाल चौराहे को जाम मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा।