रेलवे में नौकरी और मकान दिलाने के नाम पर साढ़े छह लाख हड़पे
रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव शंकर पुर निवासी राजेश कुमार का कहना है कि उसके घर एक युवक का आना जाना था। इस दौरान उसने रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने के नाम ढाई लाख रुपये हड़प लिए लेकिन उसकी नौकरी नहीं लगवाई। पैसे मांगने पर उसको गाली गलौज करके वहां से भगा दिया। इस मामले में एसपी से मिलकर कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चीनी मिल निवासी ओमकार ने एसपी से शिकायत की है कि उसके जान पहचान के एक रिश्तेदार ने उसको गोविंद कालोनी में एक मकान दिलाने के नाम पर उससे तीस हजार रुपये ले लिए लेकिन उसको मकान नहीं दिलवाया। उसने भी एसपी से कार्रवाई करने की मांग की है। जबकि दूसरी ओर कोतवाली के सोहराब खां का अखाड़ा निवासी नाजुब बी का कहना है कि पास के ही रहने वाले एक युवक ने उसको प्लाट दिलाने के नाम पर उससे चार लाख रुपये ले लिए थे जब महिला ने उस प्लाट पर काम कराना शुुरू किया, तो नैनीताल बैंक के कर्मचारियों ने इस पर लोन होने का हवाला देकर काम को रुकवा दिया। पीड़िता ने एसपी से मिलकर कार्रवाई करने की मांग की है।