मुरादाबाद। रामगंगा विहार स्थित यूपी जल निगम के दफ्तर में घुसकर इंजीनियर के साथ मारपीट करने वाले विधायक के करीबी आरोपी ठेकेदार चंद्रपाल सिंह और उसके साथियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जबकि इस घटना से दहशत में आए पीड़ित इंजीनियर ने शहर छोड़ दिया है। पीड़ित ने उच्च अफसरों को लिखित में पत्र दिया है कि वह इस घटना से भयभीत है। आरोपी उसके साथ दोबारा घटना कर सकते हैं। इस लिए वह अपने परिवार के साथ शहर से बाहर जा रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
रामगंगा विहार स्थित उत्तर प्रदेश जल निगम कार्यालय में तैनात स्थानिक अभियंता अनिल कुमार ने दो मई को सिविल लाइंस थाने में ठेकेदार चंद्रपाल सिंह निवासी करनपुर हर किशनपुर तहसील कांठ जनपद मुरादाबाद हाल निवासी टीडीआई सिटी रामगंगा विहार और उसके दो तीन साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जिसमें अभियंता ने आरोप है कि चंद्रपाल ने उस पर मनचाहा भुगतान कराने का दबाव बनाया था। जब इंजीनियर ने गलत कार्य करने से इंकार किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जाति सूचक शब्द कहकर अपमानित किया। इतना ही नहीं सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए गए थे। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत डीएम व एसएसपी से की थी। इसके बाद आरोपियों केस दर्ज हो पाया था। इस घटना को चार दिन बीत गए। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस को जब पता चला कि आरोपी एक विधायक का करीबी है। इस लिए पुलिस ने भी अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। जिससे पीड़ित इंजीनियर शहर छोड़कर अपने परिवार को लेकर बाहर गए हैं। सीओ सिविल लाइंस राजेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं । सोमवार को भी आरोपी की तलाश में टीडीआई सिटी में दबिश दी गई है।
आज से कार्य बहिष्कार पर रहेंगे इंजीनियर्स
मुरादाबाद। इंजीनियर के साथ हुई घटना से जल निगम के कर्मचारी व अधिकारी गुस्से में हैं। उन्होंने मंगलवार से कार्य बहिष्कार का एलान किया है। तीन मई को इंजीनियर्स संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक कर निर्णय लिया था कि अगर सोमवार तक आरोपियों की गिरफ्तार नहीं हुई तो मंगलवार से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। लेकिन सोमवार तक पुलिस आरोपियों की गिरफ्तार नहीं कर पाई है। डिप्लोमा इंजीनियर्स संगठन के मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से सभी इंजीनियर्स और कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहेंगे।