ठाकुरद्वारा। तांत्रिक ने किशोर के युवक से भूत प्रेत का साया उतारने का झांसा देकर उसकी मां को प्रसाद में नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। ग्रामीणों ने आरोपी तांत्रिक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली ठाकुरद्वारा के एक गांव के युवक के परिजन उत्तराखंड के थाना जसपुर के गांव राजपुर नादेही के तांत्रिक हरिराज सिंह के पास 17 जुलाई को पहुंचे। उन्होंने बेटे द्वारा अजीब हरकत करने की जानकारी तांत्रिक को दी। समस्या का हल करने का अनुरोध तांत्रिक से किया। तांत्रिक ने बताया कि युवक के ऊपर भूत प्रेत का साया हैं। उसके उपचार के लिए तंत्र विद्या करनी पड़ेगी। उसने बताया कि वह इस तंत्र विद्या को युवक के घर पर आकर संपन्न करेगा। इस पर तांत्रिक 23 जुलाई को सुरजननगर मार्ग पर स्थित गांव में पहुंचा। उसने वहां पर तंत्र विद्या शुरू की। तंत्र विद्या के दौरान उसने युवक और उसके पिता को किसी तंत्र प्रक्रिया के लिए श्मशान भेज दिया। इस बीच तांत्रिक ने युवक की मां को प्रसाद दिया, जिसमें पहले से नशीला पदार्थ मिला हुआ था। महिला उसे खाकर बेहोश हो गई। इसके बाद तांत्रिक ने महिला को एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में वह परिजनों को कुछ निर्देश देकर वहां से चला गया। महिला ने होश में आने पर तांत्रिक की हरकत की जानकारी पति और परिवार के लोगों को दी। इस पर उन्होंने तांत्रिक से इस संबंध में बात करने के लिए उसे गुरुवार को अपने घर बुलाया। परिजनों ने उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रोष जताया तो तांत्रिक उनसे भिड़ गया। अपनी तंत्र विद्या से पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देने लगा। इस पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तांत्रिक की बुरी तरह धुनाई करके पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तांत्रिक के खिलाफ नशीला पदार्थ खिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।