हाईवे पर प्रापर्टी डीलर एवं बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित के फुफेरे भाई लोकेश शर्मा को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं घायल का हालत में सुधार नहीं हुआ है। उसके पेट में दोनों गोलियां फंसी हुई है।
मंगलवार की शाम मुजफ्फरनगर के कुरावा निवासी प्रापर्टी डीलर लोकेश शर्मा अपने भाई सुनील और बाबू राम के साथ कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाइवे स्थित रिवर पार्क के पास कार सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दी । तीन गोली लगने से लोकेश शर्मा गंभीर घायल हो गया । उसने सीएचसी से मेरठ रेफर किया। इस मामले में घायल के भाई सुनील शर्मा ने बागपत कोतवाली में बुढ़ाना निवासी अरविंद सैनी एवं कुरावा निवासी अरुण पुत्र सीताराम व उसकी पत्नी अनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी अरुण को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं घायल लोकेश शर्मा की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। उसके पेट में दोनों गोलियां फंसी हुई है। चिकित्सक गोलियां नहीं निकाल पाए। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के लिए एक युवक हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी से मिले पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित
बागपत। बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने एसपी जयप्रकाश से मुलाकात की। फुफेरे भाई लोकेश शर्मा पर हुए कातिलाना हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने अपनी जान को भी खतरा बताया। इस घटना के बाद से पूर्व विधायक भी डरे हैं। एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्दी ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।