जनपद में नशीले पदार्थों की खेप तेजी से आ रही है। इसकी खपत भी बढ़ रही है। जिससे पता चल रहा है कि जनपद में नशा करने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। खुद महिलाएं नशीले पदार्थ की तस्करी में शामिल हो रही है, जिससे की पुलिस को उनकी भनक न लग सके।
शनिवार को अवैध शराब के धंधेबाजों को तलाश में निकली पुलिस की टीम ने फकीरपुरा चौकी के पास ही एक महिला को आदर्श कालोनी से गिरफ्तार कर उसके घर से 1.96 लाख की नकदी के अलावा 15 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत सात लाख रुपये बताई गई है। सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि पकड़ी गई महिला वंदना है। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हिमाचल से लाया गया था गांजा
मुरादाबाद। पुलिस को जांच में पता चला है कि एक युवक ने ये गांजा वंदना के पास पहुंचाया था, युवक गांजे को हिमाचल प्रदेश से लेकर मुरादाबाद में आया था। महिला ने पुलिस को बताया कि वह छह माह से गांजा बेचने का काम कर रही है। अब पुलिस की टीम उस युवक की तलाश में जुटी है, जो गांजा लेकर आया था।
गांजे की आधी खेप बरामद, आधी की तलाश
मुरादाबाद। फकीरपुरा चौकी प्रभारी मुमताज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन फरवरी को हिमाचल से गांजे की बड़ी खेप आई है। इस संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा था, पुलिस टीम ने वंदना को गिरफ्तार किया तो उससे गांजे की आधे खेप ही बरामद हो सकी है। आधी खेप किसी दूसरी जगह है जिसकी तलाश की जा रही है, जल्द ही गांजे की बची हुई खेप और आरोपी गांजा तस्कर को पकड़ा जाएगा।