प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन कूड़े के ढेर में मिलने के मामले में आखिरकार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। डीएम ने शनिवार को ही इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। पुलिस ने अज्ञात को धोखाधड़ी करने का आरोपी बनाया है।
पीएम आवास योजना के आवेदन शनिवार को पीतल बस्ती क्षेत्र में कूड़े के ढेर पर मिले थे। पुलिस ने डूडा के अधिकारियों को फार्म सौंप दिए थे। पूरे मामले पर डीएम राकेश कुमार सिंह ने रिपोर्ट मांगी थी। पीओ डूडा की जांच में सामने आया था कि पह आवेदन आवास और एमडीए से मिलने वाले पीएम आवासों के लिए भरवाए थे। ठगी करने वाले ने उक्त विभागों से मिलने वाले फार्म की बजाय अपने स्तर से आवेदन छपवाकर भरवाए थे। इस घटना से पीएम आवास योजना की बड़ी बदनामी हुई थी। लोगों ने डूडा आफिस के चक्कर लगाने शुरू कर दिए थे। डीएम के निर्देश पर पीओ डूडा ने रिपोर्ट दर्ज कराने को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही थी।
अमर उजाला ने बुधवार के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उसके चलते डीएम ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। तब कहीं जाकर कटघर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 511 और 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। बृहस्पतिवार को नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना शहर में आ रहे हैं। वह पीएम आवास योजना की समीक्षा भी करेंगे। लोगों में चर्चा है कि मंत्री के दौरे के चलते आनन-फानन में रिपोर्ट दर्ज की गई, वरना पुलिस पांच दिन से मामले को दबाए थी।