फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैस कटर के जरिए सिंडिकेट बैंक में चोरी की कोशिश

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। मूंढापांडे - अलीगंज मार्ग पर नरखेड़ा गांव के पास स्थित सिंडिकेट बैंक की शाखा में घुसे चोरों ने गैस कटर की मदद से बैंक का स्ट्रांग रूम/ कैश लॉकर काटने की कोशिश की। काफी देर कोशिश करने के बाद भी चोर लॉकर काटने में नाकाम रहे तो कटर और गैस सिलेंडर मौके पर ही छोड़कर लौट गए। चोर रोशनदान तोड़कर बैंक में घुसे थे। पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सुबह बैंक खुली तो घटना का पता चला। वारदात का पता चलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की लेकिन बैंक में घुसे दोनों चोर नकाब लगाए थे। इस वजह से पहचान नहीं हो सकी। घटना से पहले इसे पास की दो दुकानों से चोरी किया गया था।
विज्ञापन

सिंडिके ट बैंक के शाखा प्रबंधक राजेंद्र चितारा ने बताया कि शनिवार की शाम सात बजे वह बैंक बंद कर घर गए थे। सोमवार सुबह साढे़ नौ बजे के करीब बैंक कर्मचारी और वह बैंक पहुंचे। उन्होंने देखा कि बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की दो मॉडम चोरी की गई थी। बैंक के शौचालय में बने रोशनदान की ग्रिल कटी हुई थी और बैंक के लॉकर को भी काटने की कोशिश की गई थी। बैंक के लॉकर को काटने में चोर नाकाम रहे, इस वजह से लॉकर में रखी लाखों रुपये की रकम और जेवर चोरी होने से बच गई। वारदात की सूचना पुलिस और बैंक के सिक्योरिटी अफसर रंजीत को दी गई। सिक्योरिटी अफसर ने मौके पर जाकर जांच की है।
एसएचओ मूंढापांडे अजय गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बैंक में शौचालय पिछले हिस्से में है, वहां पर एक रस्सी और ऑक्सीजन सिलेंडर के अलावा एक घरेलू सिलेंडर भी पड़ा मिला है। एसएचओ ने बताया कि ऑक्सीजन सिलेंडर बैंक से पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित अकबर की वेल्डिंग दुकान के बाहर से उठाकर लाया गया था। अकबर की दुकान के पास ही वसीम की भी वेल्डिंग की दुकान है, इस दुकान की छत तोड़कर अंदर से गैस कटर, ग्रिंडर सहित करीब 50 हजार का सामान चोरी किया गया है। इसी दुकान से चोरी गैस कटर का इस्तेमाल बैंक में रोशनदान की ग्रिल और लॉकर को काटने की कोशिश में किया गया है।
विज्ञापन


पुलिस चेकिंग प्वाइंट के पास ही वारदात
मुरादाबाद। सिंडिकेट बैंक डॉक्टर इर्तजा हसन के मकान में है। पिछले हिस्से में ही एक मदरसा और निर्माणाधीन अस्पताल है। मकान की पहली मंजिल पर इर्तजा हसन परिवार के साथ रहते हैं जबकि नीचे कई दुकानें उन्होंने किराए पर दे रखी हैं। मकान में ही इर्तजा हसन का क्लीनिक भी है। मकान मालिक के बेटे मोहम्मद कामरान आजम ने बताया कि अक्सर पुलिस की पीआरवी रात के वक्त उनके घर के पास ही मौजूद रहती है, ये चेकिंग प्वाइंट है। वारदात के वक्त बैंक का अलार्म भी नहीं बजा, इस वजह से चोरों के बारे में जानकारी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि 2011 से बैंक उनके मकान में है लेकिन इससे पहले इस तरह की वारदात नहीं हुई है। रात को बैंक की सुरक्षा के लिए कोई सुरक्षाकर्मी भी नहीं रहता है। जबकि इसी बिल्डिंग में बैं का ही एटीएम भी है। बैंक मैनेजर ने बताया कि बैंक का अलार्म अगर मुख्य दरवाजे को काटकर अंदर प्रवेश किए जाने पर बजता, पीछे के रास्ते से बैंक में चोर घुसे थे, मुमकिन है कि इस वजह से अलार्म नहीं बजा हो।

पुख्ता रेकी के बाद वारदात.. जानकार को हो सकता है हाथ
मुरादाबाद। बैंक में चोरी की कोशिश की वारदात पुख्ता रेकी के बाद की गई है। यही वजह है कि चोरों ने बैंक के अंदर दाखिल होने के लिए शौचालय के रोशनदान का इस्तेमाल किया। इसके अलावा शौचालय में लगे गेट का दरवाजा भी बंद करने के लिए कुंडी भी नहीं लगी थी, उसे रस्सी से बांधा जाता है। पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में किसी जानकार का हाथ हो सकता है, बैंक मैनेजर भी ऐसा ही मानते हैं।
बैंक मैनेजर ने बताया कि बैंक में उनके अलावा एक असिस्टेंट मैनेजर अंबरीश, दो क्लर्क ब्रिजेश, जितेंद्र और सिक्योरिटी गार्ड दूल्हेजान कार्यरत हैं। दूल्हेजान मदनापुर का रहने वाला है जबकि जितेंद्र बरेली, अंबरीश और ब्रिजेश गोरखपुर के रहने वाले हैं। बैंक मैनेजर खुद जोधपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बैंक के शौचालय का इस्तेमाल सिर्फ बैंक के कर्मचारी ही करते हैं, ऐसे में किसी को ये जानकारी कैसे हो सकती है कि शौचालय में बने रोशनदान को काटकर बैंक के अंदर प्रवेश किया जा सकता है, ये जांच का विषय है।


मजबूत लॉकर ने बचाई लाखों की रकम..
मुरादाबाद। सिंडिकेट बैंक में मौजूद लॉकर हाई टेक्नालॉजी का है, उसे गैस कटर से काट पाना मुमकिन नहीं था इस वजह से लॉकर में रखी लाखों रुपये की रकम चोरी होने से बच गई है। जिस तरह से चोरों ने दुस्साहसिक वारदात की कोशिश की ऐसे में पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। चोरों ने मुख्य मार्ग पर स्थित न केवल बैंक बल्कि दो दुकानों को भी निशाना बनाया लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। चोराें ने बेखौफ होकर वारदात की कोशिश की वह अपने साथ सीढी तक लेकर आए थे, जिसे मौके पर छोड़ गए। इस वारदात में किसी मालवाहक वाहन का भी इस्तेमाल किए जाने का शक है, बदमाशों की संख्या भी चार से पांच तक होने का अनुमान है। सीसीटीवी में कैद बदमाशों के नकाबपोश होने की वजह से उनकी पहचान तो नहीं हो सकी है लेकिन उनकी कद काठी के आधार पर पुलिस की टीम अब संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

पहले दुकानदारों फिर बैंक से मिली वारदात की सूचना
मुरादाबाद। एसएचओ ने बताया कि सुबह साढे़ आठ बजे पहले दोनों दुकानदारों ने चोरी की सूचना दी। इसके बाद साढे़ दस बजे बैंक के मैनेजर ने वारदात की जानकारी दी। बैंक के बाहर मौके पर मिले सिलेंडरों की पहचान भी दुकानदारों ने कर ली है। चोरों की तलाश में वेल्डिंग की दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों सहित आसपास के दुकानदारों के बारे में जानकारी की जा रही है, जिससे की वारदात का खुलासा हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें