कांठ रोड पर हरथला के निकट सतनाम ज्वैलर्स की दुकान में बुर्का पहनकर पहुंचीं दो युवतियों सहित तीन लोगों ने जेवर चोरी कर लिए। चोरनियों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, हालांकि बुर्का पहनने की वजह से उनकी पहचान नहीं हो सकी है। सराफ की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नागफनी के नवाबपुरा निवासी राधेश्याम ने बताया कि कांठ रोड पर उनकी सतनाम ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बुधवार दोपहर को दो युवतियां बुर्का पहनकर उनकी दुकान पर पहुंची। उनके साथ करीब 20 साल का एक युवक भी था। दोनों युवतियाें ने दुकान से एक माला खरीदी, इसके बाद नाक की लौंग दिखाने के लिए सराफ राधे श्याम से कहा। दुकान में रखी नाक की लौंग उनको पसंद नहीं आई तो राधेश्याम दूसरी दुकान से नाक की लौंग लाने के लिए गए। दुकान में उनकी पत्नी मौजूद थीं। आरोप है कि दोनों युवतियों ने राधेश्याम की पत्नी से पीने के लिए पानी मांगा। वह पानी लेने के लिए दुकान के दूसरी तरफ गईं तो युवतियाें ने 2.10 लाख रुपये की ज्वैलरी से भरा डिब्बा चोरी कर लिया। इसके बाद दुकान से चली गईं। राधेश्याम वापस दुकान में लौटे तो डिब्बा गायब देख उन्हें चोरी का पता चला। युवतियों की तलाश में वह बाइक से घूमे लेकिन वहीं नहीं मिलीं। दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर उनकी तस्वीर कैद हो गई। दुकान से ज्वैलरी चोरी होने की शिकायत सिविल लाइन पुलिस से देर शाम थाने में दर्ज करा दी है । एसएचओ सिविल लाइन अजीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी में कैद युवक की तस्वीर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।