मुरादाबाद। आर्मी स्पेशल ट्रेन से कारतूस चोरी की घटना ने जीआरपी समेत खुफिया एजेंसियों के भी होश उड़ा दिए हैं। चार दिन भागदौड़ के बाद भी टीमें किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाईं। अब इस मामले में एटीएस भी जुट गई है। सूत्रों का दावा है कि एटीएस ने इस मामले को लेकर अपने मुखबिर अलर्ट किए हैं। मंडल में पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से संदिग्ध आतंकियों से पूछताछ की जा रही है। उनके ठिकानों पर छापेमारी जारी है। ऐसे में आर्मी स्पेशल ट्रेन से 180 कारतूस चोरी हो गए हैं।
आर्मी स्पेशल ट्रेन मंगलवार को जम्मूतवी से लखनऊ जा रही थी। ट्रेन मंगलवार सुबह पांच बजकर पचास मिनट पर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पलेट फार्म दो पर पहुंची ही थी। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद एसएसबी 70 वीं वाहिनी लखीमपुर के जवान अनिल कुमार के 180 कारतूस चोरी हो गए थे। पच्चीस मिनट ट्रेन यहां रुकी। इसे बाद आगे के लिए रवाना कर दी गई। ट्रेन सीबीगंज पहुंची तो जवान को कारतूस चोरी होने की जानकारी हो पाई थी। जवान अनिल कुमार ने इस मामले में जीआरपी थाने में केस दर्ज कराया था। जीआरपी के साथ ही आरपीएफ और क्राइम ब्रांच भी कारतूसों की तलाश में जुटी हैं। लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। अब एटीएस भी इस मामले में लगी है।
सोमवार को जवानों के होंगे बयान दर्ज
मुरादाबाद। इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि जवान अनिल कुमार और अन्य जवानों को नोटिस भेजकर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है। सभी जवान सोमवार को अपने बयान दर्ज कराने आएंगे। इसके बाद ही आगे की जांच की जाएगी।