मुरादाबाद। महिला अस्पताल के गंभीर नवजात शिशु उपचार इकाई (एसएनसीयू) के अंदर कानफोड़ू संगीत पर कर्मचारियों के नाचने और गाने की वीडियो वायरल हुई थी। वायरल वीडियो की चर्चा भले ही हर किसी की जुबान पर है, लेकिन अपर निदेशक स्वास्थ्य इससे अनभिज्ञता जता रहे हैं। सीएमओ कार्यालय भी इस मामले में चुप्पी साध गया है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने अपने स्तर से जांच कमेटी गठित कर दी है। स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों की खामोशी कर्मचारियों एवं डाक्टरों के बीच चर्चाओं में है।
एसएनसीयू वार्ड के स्टाफ कर्मियों का गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो वार्ड के अंदर नए साल के जश्न का है। इसमें सात महिला कर्मचारी तेज आवाज के साथ बज रहे संगीत पर नृत्य करती दिखाई दे रही हैं। एसएनसीयू बेहद संवेदनशील वार्ड है। वीडियो उस वक्त बना है जब वार्ड में पांच नवजात शिशुओं को भर्ती किया गया था। वायरल वीडियो ने अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। आनन-फानन में अस्पताल प्रशासन ने शुक्रवार को सातों कर्मियों से लिखित स्पष्टीकरण तलब कर लिया। शनिवार को अखबारों में खबर छपी तो हर किसी के जुबान पर उसी की चर्चा थी।
अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. सत्य सिंह वायरल वीडियो और मीडिया कवरेज को लेकर अनजान हैं। डा. सत्य सिंह ने बताया कि उन्हें किसी भी वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। वहीं, सीएमओ डा. विनीता अग्निहोत्री भी इस मामले में बचते नजर आई। अस्पताल की सीएमएस ने शनिवार को तीन सदस्यीय जांच कमेटी बना दी। कमेटी में दो डाक्टर और एक मैटर्न शामिल हैं। कमेटी वीडियो में नाचने वाले कर्मियों के बयान दर्ज कर रिपोर्ट सीएमएस को सौंपेगी।
- तीन सदस्यीय जांच कमेटी बना दी है। कमेटी हर पहलु पर जांच करेगी और स्टाफ कर्मियों के लिखित बयान लेगी। कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद ही कार्यवाही सुनिश्चित होगी। सीएमओ और अपर निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय से इस मामले में कोई जानकारी नहीं ली है।
- डा. कल्पना सिंह, सीएमएस।