कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट और शहर में हर चौराहे पर दरोगा सिपाही मुस्तैद हैं। बीच बीच में अफसर भी पुलिस की सक्रियता परखने को सड़कों पर निकल रहकर अधीनस्थों को दिशा निर्देश देते रहे। इस भारी चौकसी के बीच लुटेरों ने सराफ के ममेरे भाई से लूट की सरेशाम एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
लुटेरों ने इस सनसनीखेज वारदात को थाने से चंद कदमों की दूरी पर अंजाम दिया। इसके बावजूद पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचे में आधे घंटे से ज्यादा वक्त लग गया। जब तब बदमाश दूर निकल चुके थे। डबल फाटक चौराहे पर तैनात पुलिस बल भी बदमाशों की बाइक को नहीं रोक पाया।
बदमाशों को थी गहनों की पुख्ता जानकारी
मुरादाबाद। पुलिस की अब तक की जांच पड़ताल और कर्मचारी से पूछताछ के बाद ये बात तो साफ हो चुकी है कि बदमाशों को पूरी जानकारी थी कि गहने स्कूटी की डिक्की में रखे हैं। जिस तरह बदमाशों ने वारदात की और उन्होंने जेवरों के बारे में कर्मचारी से कोई पूछताछ नहीं की। उन्होंने कर्मचारी के साथ मारपीट की और वह स्कूटी लूटकर फरार हो गए।
बार बार सराफ के साथ वारदात
मुरादाबाद। लाजपतनगर निवासी सराफ राज कुमार रस्तोगी के साथ बदमाश बार बार वारदात कर रहे हैं। आठ साल पहले बदमाशों ने सराफ की दुकान काटकर लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए थे। इस वारदात के चार साल बाद लाजपत नगर में बदमाशों ने सराफ की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर लूट का प्रयास किया था। अब फिर से बदमाशों ने सराफ के ममेरे भाई से तीस लाख रुपये के गहने लूट लिए।
चोरी होने से बचाने को दुकान से घर लाता था सामान
मुरादाबाद। सराफ राज कुमार रस्तोगी ने बताया कि दुकान में पहले वारदात हो चुकी है। इसके बाद से वह दुकान में महंगा सामान नहीं छोड़ा था। दुकान बंद करने पर वह सामान दुकान से निकालकर घर ले आते थे। अगले दिन सुबह घर से सामान दुकान पर भिजवाते थे। शनिवार को लूट और चोरी से बचाने को सामान दुकान से निकाल कर घर भिजवाया। इसके बाद भी सामान लूट लिया गया।
बदमाशों के निशाने पर सराफ और कारोबारी
मुरादाबाद। जनपद में बदमाशों के निशाने पर सराफ और कारोबारी हैं। एक के बार एक कई वारदातें इसकी गवाही दे रही हैं। भोजपुर में अमृतसर के सोना कारोबारी से 55 लाख रुपये के गहने लूट लिए थे। घटना के समय सोना कारोबारी टांडा से मुरादाबाद लौट रहे थे। इस वारदात को आकिल टेड़ा गैंग ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आकिल टेड़ा गैंग के सदस्यों को पकड़ कर जेल भेज दिया था। जेल से रिहा होने के बाद आकिल टेड़ा गैंग के सदस्यों ने ठाकुरद्वारा में एक और सराफ को लूट लिया। मूंढापांडे, भोजपुर और कटघर में कई सराफ के साथ वारदात हो चुकीं हैं। लगातार घटनाओं से सोना चांदी कारोबारी दहशत में हैं। जेल से रिहा हुए लुटेरों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
सीसीटीवी कैमरे में लुटेरे कैद
मुरादाबाद। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने शिवपुरी कालोनी में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक मकान के बाहर लगे कैमरे की फुटेज में वारदात कैद है। जिसमें बदमाशों की तस्वीर दिखाई दे रही है।
दुकान बंद करने के बाद मेरा भाई जेवर लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उससे तीस लाख रुपये के गहने लूट लिए। कटघर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
राज कुमार रस्तोगी सराफ