मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाले एक युवक पर पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पहली पत्नी को इस संबंध में जानकारी हुई तो वह रविवार को बुद्धि विहार पुलिस चौकी पर पहुंची, वहां पर हंगामा किया और पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
युवती ने बताया कि वह बिलारी की रहने वाली है। 2012 में उसकी शादी मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही दंपती के बीच विवाद हो गया। वह दोनों अलग रहने लगे। युवती ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवाया था। केस अभी न्यायालय में विचाराधीन है। युवती ने बताया कि उसको जानकारी हुई है कि पति उसे धोखा देकर अब हरियाणा के यमुनानगर में रहने वाली युवती से शादी करना चाह रहा है। युवती ने बताया कि शादी रविवार को है। ये सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक के घर पहुंचकर उसके पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवक के पिता ने बताया कि उनके घर में कोई शादी नहीं है। शिकायतकर्ता युवती ने उनके बेटे से शादी से पहले ही कोर्ट मैरिज कर ली थी, इसकी जानकारी होने पर युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पहले पांच हजार रुपये महीना युवती को कोर्ट के आदेश पर दिए जा रहे थे लेकिन पहली शादी का प्रमाण मिलने के बाद कोर्ट से खर्च देने में राहत मिल गई है। सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि युवती से उसके पति की दूसरी शादी होने के बारे में साक्ष्य मांगे गए तो साक्ष्य पेश नहीं कर सकी है। युवक के पिता को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। युवती अगर इस मामले में भविष्य में साक्ष्य देगी तो कार्रवाई की जाएगी।