मुरादाबाद। मतगणना को लेकर पुलिस अफसर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोस्त कर रहे हैं। त्रिस्तीय सुरक्षा घेरा बनाने के साथ ही एक हजार पुलिस कर्मियों को तैनात करने की तैयारी की है। पूरे क्षेत्र को आईसोलेशन, इंडोर और आउट डोर में बांटा है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी होती रही।
मुरादाबाद जनपद की सभी छह सीटों पर दूसरे चरण में चौदह फरवरी को मतदान हुआ था। मतदान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही थी। जिसका नतीजा ये रहा था कि मैनाठेर क्षेत्र में हुए पथराव को छोड़ दिया जाए तो जनपद में कहीं कोई विवाद सामने नहीं आया था। ईवीएम मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में रखी हैं। यहां पुलिस का कड़ा पहरा है। अब मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सभी विधान सभा सीटों के मतों की गिनती मंडी समिति में होगी। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र को तीन भागों में बांट कर पुलिस कर्मियों की तैनात की है।
पहले घेरे में मतों की गिनती होगी। मंडी समिति परिसर को इंडोर नाम दिया गया है। जबकि तीसरा घेरा आउट डोर होगा। जिसमें वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि एक हजार पुलिस कर्मियों की तैनात रहेगी। एसएसपी ने बताया कि विजयी जूलुस निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थानों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा। कहीं से कोई सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस मौके पर भेज दी जाएगी।