मुरादाबाद। कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में आमजन की सहूलियत के लिए कल (गुरुवार) से जिला अस्पताल में हफ्ते के छह दिन कोरोना का टीका लगाया जाएगा। 59 वर्ष पार बुजुर्ग और 45 वर्ष से अधिक उम्र केमरीज टीका लगवा सकेंगे। ग्रामीण इलाकों के सरकारी अस्पतालों और अरबन पीएचसी में तीन दिन टीका लगेगा। वहीं शहर के 17 निजी अस्पतालों में चार दिन टीकाकरण की सुविधा मिलेगी। निजी अस्पतालों में एक डोज के लिए 250 रुपये अदा करने होंगे।
सोमवार से कोरोना टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी गई। इस चरण में बुजुर्र्गों और 45 साल की उम्र पार करने वाले मरीजों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। सरकारी अस्पताल में फ्री और निजी अस्पताल में 250 रुपये का शुल्क लेकर टीका लगाया गया। मंगलवार को हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग में दूसरे चरण की गाइडलाइन जारी कर दी गई। इसके मुताबिक अब जिला अस्पताल में हफ्ते में छह दिन आमजन को टीका लगाया जाएगा, जबकि ग्रामीण इलाकों के सरकारी अस्पतालों और चयनित अरबन पीएचसी में तीन दिन टीका लगेगा। सरकारी अस्पताल में मुफ्त में टीका लगेगा। वहीं शहर के 17 प्राइवेट अस्पतालों में हफ्ते में चार दिन वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। यहां लाभार्थी को 250 रुपये देने होंगे। नई गाइडलाइन के तहत चार मार्च से टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इसके लिए बुधवार को स्टाफ को ट्रेनिंग दी जाएगी।
- टीकाकरण के दूसरे चरण में बुजुर्गों और बीमारों के टीकाकरण के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। चार मार्च से जिला अस्पताल में छह दिन कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इसके अलावा दूसरे चयनित सरकारी अस्पतालों में तीन दिन और 17 निजी अस्पतालों में चार दिन टीकाकरण होगा।
- डा. एमसी गर्ग, सीएमओ
सुबह 9 से 11 बजे तक प्री रजिस्ट्रेशन वालों को लगेगा टीका
मुरादाबाद। सरकारी और निजी अस्पतालों में सुबह नौ बजे से शाम पांच तक आमजन का टीकाकरण किया जाएगा। सुबह नौ बजे 11 बजे तक दो घंटे सिर्फ प्री रजिस्ट्रेशन कराने वाले का टीकाकरण होगा। 11 बजे के बाद केंद्र पर पहुंचने वाले लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा और टीका लगाया जाएगा।
सरकारी अस्पतालों में इस दिन लगेगा टीका
- सोमवार
- गुरुवार
- शुक्रवार
सरकारी अस्पताल में ही लगेगी दूसरी डोज
मुरादाबाद। निजी अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाने वाले हेल्थ केयर वर्करों और फ्रंटलाइन वर्करों को दूसरी डोज अब सिर्फ सरकारी अस्पतालों लगाई जाएगी। शहर में दूसरी डोज केंद्रीय पुलिस अस्पताल (सीपीएच), महिला अस्पताल, एमसीएच (मेटेनल एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग, पीएचसी पाकबड़ा में लगेगी। चार और पांच फरवरी को टीका लगवाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों को दूसरी डोज इन्हीं सरकारी अस्पतालों में लगाई जाएगी।
250 शुल्क देकर इन प्राइवेट अस्पतालों में बुजुर्ग और बीमार लगवा सकते हैं टीका
- आनंद हॉस्पिटल, अपेक्स हॉस्पिटल, आशीर्वाद नर्सिंग होम, बाबू रामपाल सिंह धर्मार्थ चिकित्सालय, सदभावना नर्सिंग होम, कॉसमॉस हॉस्पिटल, क्रेस्ट हॉस्पिटल, गलैक्सी सर्जिकल एंड मैटरनिटी सेंटर, जियाज्ञा नर्सिंग होम, कुमार नर्सिंग होम, रजनी आई सेंटर, नवीन हॉस्पिटल, आरएसडी हॉस्पिटल, साहू रामेश्वर सरन कोठीवाल हर्ट एंड न्यूरो केयर सेंटर, सिद्ध हॉस्पिटल, साईं हॉस्पिटल, टीएमयू।
इन सरकारी अस्पतालों में मुफ्त में लगेगा टीका
- महिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल, केेंद्रीय पुलिस अस्पताल, अरबन पीएचसी फकीरपुरा, मझोला, मझोली, टाउनहॉल, पीतल बस्ती, आदर्श नगर, बलवलान, गाड़ीखाना, अरबन पीएचसी किसरौली और भोजपुर, बिलारी, डिलारी, कांठ, कुंदरकी, मूंढपांडे, ताजपुर, ठाकुरद्वारा के सरकारी अस्पताल समेत जिले की 29 एडिशनल पीएचसी पर हफ्ते में तीन दिन टीका लगेगा।