मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार को अंडे विक्रेता से मोबाइल और नौ हजार रुपये लूट लिए। घटना के समय वह अंडे बेचकर अपने घर लौट रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से दो बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया है, जबकि इनके दो साथी फरार हैं।
मैनाठेर थानाक्षेत्र के फरीदपुर निवासी मोनिश फेरी लगाकर अंडे बेचता है। रोज की तरह मंगलवार को भी वह पाकबड़ा में अंडे बेचने गया था। उसने बताया कि वापस लौटते समय पाकबड़ा थानाक्षेत्र में नानकबाड़ी गांव के पास हाईवे पर उसकी बाइक में पंचर हो गया। इसी दौरान वहां बाइक सवार दो बदमाश पहुंच गए। उन्होंने तमंचा दिखाकर मोनिश से मोबाइल और नौ हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश बाइक दौड़ाकर भाग गए। पीड़ित ने राहगीरों की मदद से इस मामले की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में यूपी 112 और पाकबड़ा थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने हाईवे स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिससे दो बदमाशों की पहचान हो गई। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपी युवक कटघर थानाक्षेत्र के पीतल बस्ती निवासी हैं। आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि इस घटना में इनके अलावा दो और साथी शामिल रहे हैं। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। पाकबड़ा थाने के अपराध निरीक्षक मुकेश शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।