मुरादाबाद। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस भी तैयारी में जुट गई है। अभी तक टिकट के लिए कांग्रेस से 26 दावेदार सामने आ चुके हैं। नगर और देहात विधानसभा क्षेत्र से दावेदारों की संख्या अधिक है। दावेदारों में सक्रिय कार्यकर्ता से लेकर पूर्व पदाधिकारी शामिल हैं। तीन अगस्त को टिकट के सभी दावेदारों को लखनऊ बुलाया गया है।
सभी राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। प्रमुख पार्टियों में टिकट के लिए आवेदन भी शुरू हो गए हैं। कांग्रेस में भी टिकट के दावेदार खुलकर सामने आने लगे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पास आवेदन देकर अब तक 26 लोगों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। ये आवेदन जिले के सभी छह विधानसभाओं क्षेत्रों से आए हैं। सबसे अधिक अधिक आवेदन नगर और देहात विधानसभा क्षेत्र से किए गए हैं। यहां से बारह से अधिक लोगों ने दावेदारी की है। इसके अलावा बिलारी, कुंदरकी, ठाकुरद्वारा और कांठ से दावेदार सामने आए हैं। वहीं कुछ लोगों ने लखनऊ कार्यालय में भी आवेदन किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने इन दावेदारों को तीन अगस्त को लखनऊ बुलाया है। जहां वे दावेदारों से संवाद करेंगे।
- विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी आवेदन ले रही है। शनिवार को जिले की सभी छह विधानसभाओं क्षेत्रों के लिए 26 आवेदन आ चुके हैं। नगर और देहात विधानसभा क्षेत्रों से दावेदारों की संख्या सबसे अधिक है। तीन अगस्त को टिकट के दावेदारों को लखनऊ बुलाया गया है। - असलम खुर्शीद, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस
पूर्व पदाधिकारी भी टिकट की दौड़ में
मुरादाबाद। कांग्रेस के हर सक्रिय नेता ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। शहर सीट से तीन पूर्व पदाधिकारियों ने दावेदारी पेश की है। देहात सीट से कई सक्रिय पदाधिकारी और फ्रं टल संगठन से जुड़े मुस्लिम नेताओं ने दावेदारी की है।