अमर उजाला ब्यूरो मुरादाबाद। अगस्त माह की शुरुआत में भी मौसम सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार व्यक्त किए हैं। वहीं, रविवार को 17 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है।
पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इस वर्ष सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान था। पश्चिम बंगाल में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर पर अभी कम दबाब का क्षेत्र बना हुआ है। जब भी यहां पर कम दबाव का क्षेत्र जब बनता है तो बारिश हो जाती है। मानसून के सक्रिय होने पर करीब चार दिन तक बारिश होती है। सोमवार को इस चरण का आखिरी दिन है। अभी भी वातावरण में नमी बरकरार है। इसलिए कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं, रविवार तड़के करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद करीब नौ बजे तक बारिश का दौर रहा। दिन में चटख धूप खिली। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय वातावरण में नमी 98 फीसदी थी, जो शाम को 92 फीसदी दर्ज की गई। रविवार को बारिश 17 मिली मीटर हुई है।