दीप चावला ने इसकी जानकारी सीवीओ को भी दी, लेकिन देर शाम तक गाय को उपचार के लिए नहीं ले जाई जा सकी थी। इससे लोगों में रोष है। राष्ट्रीय गोरक्षक सेना के महानगर अध्यक्ष दीप चावला ने बताया कि मंगलवार शाम को रामगंगा विहार फेज-1 में डॉ. संगीता मदान वाली गली में संभावित लंपी डिजीज से पीड़ित एक गाय आकर बैठ गई। अस्वस्थ गाय से चला फिरा नहीं जा रहा है। उन्होंने इसकी सूचना मंगलवार को ही नगर निगम को दे दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार सुबह भी उन्होंने व उनके साथी बजरंग दल के सुधांशु ने इसकी सूचना नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर पर दी। वहां से सफाई निरीक्षक हेमेंद्र कुमार का नंबर देकर सूचना देने को कहा गया।
दीप ने बताया कि जब उन्होंने हेमेंद्र कुमार के सीयूजी नंबर पर फोन किया तो उन्होंने नगर निगम में गोवर्धन पूजा के कारण अवकाश होने और ड्राइवरों के शराब पीये होने की बात कहते हुए गाय को उपचार के लिए ले जाने में असमर्थता व्यक्त की। दीप ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना सीवीओ डॉ. अनिल कंछल को भी दी। जिस पर उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए, लेकिन देर शाम तक कोई भी गाय का हाल जानने नहीं पहुंचा।
दीप ने बताया कि वह तथा कॉलोनी के ही कुछ अन्य लोग बीमार गाय की देखभाल कर रहे हैं। इस संबंध में सफाई निरीक्षक हेमेंद्र कुमार का कहना है कि दीप चावला का फोन आया था। वह लोग कॉलोनी में मृत गाय पड़ी होने की जानकारी दी थी। मौके पर चालक नहीं थे। बाद में गुलाबबाड़ी से जेसीबी के चालक को बुलाकर मजदूर, ट्राली और जेसीवी भेजी भी, लेकिन बाद में टीम को पता चला कि गाय जिंदा है, लिहाजा मृत पशु को उठाने के उद्देश्य से गई टीम वापस लौट आई।