रीयल एस्टेट का कारोबार जहां काफी धीमा चल रहा है वहीं रविवार को जनपद के सर्किल रेट में 28 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी गई। इसके चलते सोमवार से जमीन की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी। रविवार को दिनभर रजिस्ट्री ऑफिस खुला रहा और बड़ी संख्या में रजिस्ट्री की गईं।
प्रशासन का अनुमान है कि बढ़े सर्किल रेट के बाद जमीनों की रजिस्ट्री से मिलने वाले राजस्व में भारी बढ़ोतरी होगी। सर्किल रेट बढ़ाए जाने को लेकर काफी समय से कयास लगाए जा रहे थे। 30 फीसदी तक सर्किल रेट बढ़ाए जाने की चर्चाएं थीं।
जिलाधिकारी जुहैर बिन सगीर ने रविवार की रात करीब साढे़ बारह बजे नए सर्किल रेट की घोषणा कर दी। जिलाधिकारी ने बताया कि 28 फीसदी तक सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं। बढ़े रेटों के अनुसार मधुबनी से विवेकानंद हास्पिटल तक 26 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 79380 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर, पीली कोठी से मधुबनी तक 18 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 74340 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर हाो गए।
साईं मंदिर रोड 15 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 52900 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर, विवेकानंद से अगवानपुर क्रासिंग तक 28 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 40960 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर, गौर ग्रेसियस 17 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 28080 रुपये प्रति क्वायर मीटर, वेब ग्रीन 28 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 32000 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर हैं। कृषि दरों में 12 प्रतिशत की सामान्य बढ़ोतरी की गई है। उधर, रविवार को अवकाश होने के बाद भी रजिस्ट्री ऑफिस दिनभर खुला। रजिस्ट्री के लिए लोग पहुंचे।