अदालत के आदेश पर पूर्व विधायक इकराम कुरैशी, उनके बेटे सहित नौ लोगों के खिलाफ गलशहीद पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि पूर्व विधायक सहित अन्य लोगों ने पीड़ित के परिवार से मारपीट की है। पुलिस आरोपों के आधार पर मुकदमे की विवेचना कर रही है।
गलशहीद थाना क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद फहीम ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी, उनके बेटे उबैद इकराम, जुनैद और फुरकान, मुस्तकीम, गुफरान उर्फ राजू, फरहान, दानिश से उनका पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर केस चल रहा है।
आरोप है कि चार सितंबर को इशा की नमाज पढ़कर वह घर लौट रहा था। इस बीच पीछा करते हुए हथियारों से लैस पूर्व विधायक और उनके बेटे समेत अन्य लोगों ने घर पर धावा बोल दिया। सभी लोगों ने एकजुट होकर उसके और परिजनों के साथ मारपीट की। विरोध करने पर संपत्ति छोड़कर तत्काल यहां से चले जाने की धमकी दी गई।
इस मामले में उसने गलशहीद थाने में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक हारकर उसने अदालत की शरण ली है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सुनवाई के बाद मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पूर्व विधायक इकराम कुरैशी, उनके बेटे समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस बारे में थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया है कि पुलिस मुकदमे की विवेचना कर रही है। जांच के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
मारपीट का आरोप निराधार : कुरैशी
पूर्व विधायक इकराम कुरैशी का कहना है कि फहीम की तरफ से लगाया गया मारपीट का आरोप पूरी तरह से निराधार है। दूर दूर तक कोई सच्चाई नहीं है। सिर्फ ब्लैकमेल करने के लिए उसने केस दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस जांच कर न्याय करेगी।