ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। दिल्ली से चोरी की गईं कारें फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मुरादाबाद में दौड़ाई जा रही थीं। ठाकुरद्वारा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया तो इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन चोरी की कारें, तमंचा और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाई समेत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि रविवार रात ठाकुरद्वारा थाने की पुलिस गश्त पर निकली थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ठाकुरद्वारा क्षेत्र में काशीपुर रोड स्थित होटल के पास चोरी की कार का सौदा किया जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर ठाकुरद्वारा के शरीफ नगर निवासी परवेज उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कार में बैठे दो लोग फरार हो गए। पुलिस ने परवेज की तलाशी ली तो उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि कार पर यूपी नंबर की प्लेट लगी थी, जबकि इंजन और चेसिस नंबर जम्मू-कश्मीर में पंजीकृत दर्शाया गया था। निधि गुप्ता निवासी कृष्णा कॉलोनी कठुआ के नाम अंकित है। कार की डिग्गी से यूपी और दिल्ली नंबर की प्लेटें भी बरामद हुईं। पूछताछ में परवेज ने बताया कि फरार होने वालों में उसका छोटा भाई सबरेज उर्फ मुन्ना और उसका साथी मोहम्मद कासिम निवासी बहेड़ावाला थाना ठाकुरद्वारा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोहम्मद कासिम के घर के पास खाली प्लॉट में खड़ी यूपी नंबर की सेंट्रो कार और यूपी नंबर की सेवरोलेट बीट बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि तीनों ने दिल्ली के जनता मजदूर कॉलोनी थाना वेलकम निवासी खलील अहमद उर्फ पहलवान की मदद से तीनों कारें दिल्ली के शकरपुर से चोरी की थीं। चोरी के बाद नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थीं और फर्जी नंबर प्लेट लगा ली थीं। परवेज ने पुलिस को बताया कि आरोपी खलील वहीं पर रुक गया था। तीनों आरोपी कारें लेकर मुरादाबाद आ गए थे।
पुलिस का दावा है कि सेंट्रो कार राहुल गुप्ता निवासी जमनाखास जनपद अमरोहा और सेवरोलेट बीट अग्रसेन प्रताप निवासी निराला नगर अयोध्यापुरी कोतवाली रायबरेली के नाम पंजीकृत है। उसने दोनों कारों को अलग-अलग स्थानों से चोरी करना स्वीकार किया है। कोतवाल मोहित कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी परवेज को सोमवार शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले में फरार तीनों आरोपियों की तलाश में भी पुलिस टीमें जुटी हैं।