फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे में ममेरे-फुफेरे भाई की मौत: चकबेगमपुर से मुरादाबाद बरात में शामिल होने जा रहे थे दोनों, कार ने पीछे मारी टक्कर

Tue, 26 Apr 2022 03:32 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरादाबाद

सार

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक अनिल के मामा रामसिंह ने बताया कि बाइक अनिल चला रहा था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से कार चालक मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कटघर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास रविवार रात बाइक से एक बरात में शामिल होने जा रहे तीन युवकों को कार ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक मामूली रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक आपस में रिश्तेदार (ममेरे-फुफेरे भाई) हैं। घटना के बाद से मृतक युवकों के परिवार में शोक की लहर है।

विज्ञापन


भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव चकबेगमपुर निवासी राजेंद्र सिंह का बेटा राहुल उर्फ आकाश अपने फुफेरे भाई रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के गांव दढ़ियाल भरतपुर निवासी अनिल व मित्र आदेश के साथ बाइक से चकबेगमपुर से मुरादाबाद स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। देर रात जैसे ही वह कटघर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचे तभी पीछे से अनियंत्रित गति कार के चालन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। राहुल (18) की मौके पर मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल (19) को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई। तीसरा साथी आदेश मामूली रूप से घायल हो गया। आदेश ने पुलिस व परिवार वालों को घटना की सूचना दी। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक अनिल के मामा रामसिंह ने बताया कि बाइक अनिल चला रहा था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से कार चालक मौके से फरार हो गया। एक साथ दो युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने सोमवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि अनिल के मामा रामसिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ  रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। परिवार वालों के मुताबिक अनिल हेलमेट पहने था।
विज्ञापन


बेटे की मौत से राहुल के माता-पिता बेहाल
हादसे में जान गंवाने वाले राहुल के निधन से उसके माता पिता के बुढ़ापे का सहारा भी छिन गया। कृषक पिता राजेंद्र सिंह ने रोते हुए बताया कि दो बहनों के बीच राहुल इकलौता भाई था।  बहने नीतू और ज्योति का भी रो रोकर बुरा हाल है। राजेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल पढ़ने में काफी तेज था। उसकी मौत के बाद से मां वीरवती बदहवास है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

अनिल के पिता की पहले डूबकर हो चुकी मौत
अनिल के मामा रामसिंह ने बताया कि अनिल के पिता डालचंद की कोसी नदी में डूबने से मौत हो चुकी है। करीब 15 साल पहले वह कोसी नदी में डूब रही दो महिलाओं को बचाने के लिए नदी में कूद गए थे। एक महिला को बचा भी लिया था। दूसरी को निकालते समय महिला ने अचानक उन्हें पकड़ लिया। इसी बीच नदी की तेज धार में दोनों आ गए। जिससे महिला के साथ उनकी भी डूब कर मौत हो गई थी। अनिल बीए का छात्र है। उसके परिवार में अब केवल उसकी विधवा मां बीना, छोटा भाई सोनू और बहन अनीता हैं। अनिल परिवार में सबसे बड़ा था। इसलिए उसकी मौत के बाद से बीना बेसुध है। परिवार में अब कोई कमाने वाला नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें