मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे कैंटीन संचालक ने बुधवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने 11 फरवरी को पाकबड़ा थाने में सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कराया था। महिला ने पुलिस को बताया था कि कैंटीन संचालक नदीम की पत्नी उसकी नाबालिग बेटी को अपने साथ बुलाकर घर ले गई थी। आरोप है कि मकान की तीसरी मंजिल पर नदीम ने महिला की बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। अगले दिन फिर से किशोरी को आरोपी ने अपने घर बुलाया था। इसके बाद आरोपी नदीम, उसके नौकर राजीव, उस्मान, एक डॉक्टर और प्रधान ने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में पुलिस ने नदीम के नौकर राजीव को गिरफ्तार कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। बुधवार को थाना पाकबड़ा क्षेत्र के ख्वाजा कॉलोनी निवासी नदीम ने अपने अधिवक्ता के जरिये कोर्ट में सरेंडर के लिए अर्जी दाखिल की थी। बुुधवार को आरोपी कोर्ट में पहुंचा और सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया। पाकबड़ा थाना प्रभारी रंजन शर्मा ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।