स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनेगा
डीएम मानवेंद्र सिंह ने मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम का मंगलवार को निरीक्षण कर लोकसभा चुनाव से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पोलिंग पार्टी रवाना स्थल पर पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बताया कि एआरटीओ पर्याप्त संख्या में वाहनों को चुनाव अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे। स्ट्रांग रूम के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। स्ट्रांग रूम गेट के बाहर सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। सभी अधिकारी चुनाव ड्यूटी में लगने वाले वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराएंगे। पोलिंग सामग्री वितरण के लिए लगाए गए टेंट का भी डीएम ने निरीक्षण किया।
इसके साथ ही मौसम परिवर्तन बरसात आदि से चुनाव सामग्री के बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव, एसपी सिटी, जिला पूर्ति अधिकारी, एआरटीओ, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चुनाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं : डीएम
मुरादाबाद। डीएम मानवेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कोई अधिकारी अपने कार्यों में शिथिलता नहीं बरतेगा। लापरवाही मिलने पर कार्यवाही की जाएगी। पंचायत भवन सभागार में डीएम मानवेंद्र सिंह ने चुनाव में तैनात जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को सकुशल, पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
चेताया कि निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यों को संपादित करना होगा। पोलिंग पार्टी रवाना होने और ईवीएम जमा होने तक सेक्टर मजिस्ट्रेटों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके अलावा सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट बैठक में बताए गए प्रोटोकॉल का शत प्रतिशत पालन करेंगे।
बैठक में एडीएम सिटी ज्योति सिंह, एडीएम न्यायिक शशि भूषण, परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्र, ज्वाइंट मजिस्स्ट्रेट सुनील धनवंता, एसडीएम सदर, एसडीएम कांठ, एसडीएम ठाकुरद्वारा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
450 वाहनों का हुआ अधिग्रहण
लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे दिन परिवहन विभाग ने 450 वाहनों का अधिग्रहण किया। इसमें 300 हल्के वाहन और 150 बस शामिल हैं। पहले दिन 250 हल्के वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। परिवहन विभाग ने कुछ वाहनों को बुद्धि विहार स्थित एक ग्राउंड और कुछ को पुलिस लाइन में खड़ा किया है।
19 अप्रैल को मतदान होना है। चुनाव में पर्यवेक्षक, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल व सेक्टर पुलिस अफसर समेत मतदान से जुड़े अधिकारियों व मतदानकर्मियों के लिए परिवहन विभाग के द्वारा वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। एआरटीओ प्रशासन आंजनेय सिंह ने बताया कि 550 हल्के वाहन और 150 बसों का अधिग्रहण किया जा चुका है।
बसों का अधिग्रहण जारी है। 450 बसों सहित 1000 वाहनों का अधिग्रहण किया जाना है। वाहनों में लगाया गया जीपीएस और रेडियो सेट : परिवहन विभाग मुरादाबाद आरआई हरिओम ने बताया कि लोकसभा चुनाव लिए अधिग्रहण किए गए हल्के वाहनों में जीपीएस और रेडियो सेट लगाया जा रहा है।
जिससे चुनाव में संचालित वाहनों और चुनाव ड्यूटी में कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा के चलते विभाग हर समय वाहनों की लोकेशन ट्रैस कर उसकी जानकारी प्रशासन को दे सके।
लोकसभा में 20 लाख 56 हजार मतदाता करेंगे मतदान
लोकसभा क्षेत्र के 20 लाख 56 हजार मतदाता 12 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान कराने के लिए साढ़े आठ हजार कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मतदान को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए चार प्रेक्षकों और अधिकारियों की टीम निगरानी रख रही हैं। लोकसभा क्षेत्र में कुल जनसंख्या 34 लाख 86 हजार हैं लेकिन इनमें 20 लाख 56 हजार 514 मतदाता मौजूद हैं।
कुल मतदाताओं में 10 लाख 92 हजार पुरुष और नौ लाख 64 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं को मतदान करने के लिए 2133 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें 1195 शहरी और 935 ग्रामीण क्षेत्र में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दस प्रतिशत कर्मचारी रिजर्व में रखे गए हैं। एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार कर्मचारी तैनात होंगे।
जिले से 1728 मतदान केंद्रों पर मुरादाबाद के कर्मचारी लगाए जाएंगे। बढ़ापुर विधानसभा में बिजनौर जिले के कर्मचारी तैनात होंगे। पोलिंग पार्टियों को मतदान स्थल तक भेजने के लिए बुद्धि विहार में वाहन इकट्ठा किए गए हैं।
16 जोनल और 138 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षा के लिए पूरे लोकसभा क्षेत्र को 16 जोन और 138 सेक्टरों में बांटा है। इसी आधार पर मजिस्ट्रेटों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे जाएंगे। कांठ क्षेत्र को पांच जोन, ठाकुरद्वारा में तीन और बाकी विधानसभाओं को चार-चार जोन में बांटा गया है। इसी प्रकार कांठ में 31, ठाकुरद्वारा विधानसभा में 26, मुरादाबाद ग्रामीण में 41, मुरादाबाद नगर में 40 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं।