मुरादाबाद। स्वास्थ्य विभाग में गोलमाल सामने आया है। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) की धनराशि व्यक्तिगत खातों में ट्रांसफर कर ली गई। 15.69 लाख रुपये खर्च कर दिए गए। हालांकि खर्च का ब्योरा सिर्फ 5.66 लाख का दे सके। इसका खुलासा आडिट में हुआ है। एनएचएम डायरेक्टर ने इसे अनियमितता मानते हुए सीएमओ से जवाब-तलब किया है।
वर्ष 2018-19 में कांठ सीएचसी के तत्कालीन चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मृणाल राठी, मूंढापांडे के चिकित्सा प्रभारी नरेंद्र कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कांठ भगवान सिंह, ब्लाक लेखा प्रबंधक कांठ नरेंद्र कश्यप, फार्मासिस्ट मूंढापांडे सीएचसी कुलदीप कुमार, वार्ड ब्वाय मूंढापांडे दानवीर सिंह, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ठाकुरद्वारा रामपाल सिंह, ब्लाक लेखा प्रबंधक ठाकुरद्वारा आशु गुप्ता ने व्यक्तिगत खातों में 15.67 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिया था। निकाली गई धनराशि खर्च भी कर दी गई। हालांकि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी खर्च धनराशि का ब्योरा नहीं दे सके। 15.67 लाख में से 5.66 लाख का ही ब्योरा प्रस्तुत कर सके। बाकी 9.92 लाख का ब्योरा नहीं दे पाए। कंकरेंट ऑडिटर मेसर्स शर्मा उत्तम एंड कंपनी चार्टर्ड अकाउंटेंट की ऑडिट में स्वास्थ्य विभाग में गोलमाल का मामला सामने आया है। ऑडिटर ने अपनी रिपोर्ट वित्त नियंत्रक एनएचएम को सौंपी थी। इस रिपोर्ट के आधार पर एनएचएम डायरेक्टर अपर्णा उपाध्याय ने वित्तीय अनियमितता माना है। उन्होंने सीएमओ को पत्र लिखकर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। अनियमित भुगतान के लिए अप्रत्यक्ष रूप से उत्तरदायी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑडिट में इसकी हुई पुष्टि
- अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यक्तिगत खातों में धनराशि अनियमित रूप से हस्तांतरित किए जाने की पुष्टि
- जेएसवाई लाभार्थियों के खाते में एक से अधिक बार 1400 की धनराशि का अनियमित भुगतान किए जाने की पुष्टि
- जेएसवाई लाभार्थियों को प्रसव के करीब दो वर्ष के बाद भुगतान किए जाने की पुष्टि
- टेंडर/कोटेशन के प्रावधानों की अवहेलना
- टीडीएस के प्रावधानों की अवहेलना
किसने कितनी धनराशि निकाली
अधिकारी/कर्मी--ट्रांसफर धनराशि--धनराशि का ब्योरा--धनराशि का नहीं मिला ब्योरा
डॉ. मृणाल राठी----510823------37905-------472918
डॉ. नरेंद्र कुमार----103235------35630-------67605
भगवान सिंह------95848------16130-------79718
नरेंद्र कश्यप------30881------9882-------20999
कुलदीप कुमार----91704------8200-------83504
दानवीर सिंह-----148125------18725-------129400
रामपाल सिंह-----163802------27860-------125942
आशु गुप्ता-------425089------412289-------12800